
मुंबई. किसी भी फिल्म के बनने के बाद उसका प्रमोशन सबसे अहम कड़ी बन जाता है. दर्शकों के सामने फिल्म को इस तरह परोसना कि यदि ये नहीं देखी तो मतलब कुछ नहीं देखा. ऐसा ही कुछ ‘आदिपुरुष’ (Adipurush) मेकर्स की तरफ से किया जा रहा है. फिल्म को रिलीज होने में अब सिर्फ 9 दिन बचे हैं और मेकर्स ने इसके फाइनल ट्रेलर लॉन्च में पूरी जान झोंक दी. लाखों लोगों की मौजूदगी में ‘जय श्री राम’ के नारों के बीच भव्य इवेंट में फाइनल ट्रेलर जारी किया गया. प्रभास और कृति सेनन के साथ ही फिल्म से जुड़े सभी अहम लोगों ने इस इवेंट में हिस्सा लिया. फिल्म के पहले टीजर से लेकर फाइनल ट्रेलर तक के बीच मूवी को अच्छी तरह से स्थापित किया जा चुका है और अब 16 जून को फिल्म का फैसला होगा.
ओम राउत ने शुरुआत से ही अपनी फिल्म ‘आदिपुरुष’ को अब तक के सबसे बड़े एपिक ड्रामे के तौर पर प्रजेंट किया है. लेकिन जब फिल्म का पहला टीजर आया था तो उसमें कमजोर वीएफएक्स (VFX) के साथ ही बहुत-सी गलतियां दिखीं थीं. इसके बाद खूब बवाल कटा और फिर फिल्म का दूसरा ट्रेलर गलतियों को सुधारते हुए रिलीज किया गया, जिसे तारीफ मिली. अब फिल्म का फाइनल ट्रेलर सामने आया है और एक बार फिर ओम राउत कुछ गलतियां कर बैठे हैं. खैर, फिल्म को लेकर कितना क्रेज बढ़ गया है इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि 6 जून को जारी ट्रेलर को अब तक 15 मिलियन से ज्यादा व्यूज मिल चुके हैं.
सैफ का किरदार अब खुलकर आया सामने
फिल्म की शुरुआत से ही सैफ के किरदार यानी ‘लंकेश’ को पर्दे में रखा जा रहा है. ‘रावण’ को दाढ़ी वाले रूप में दिखाने पर काफी बवाल कटा था, इसके बाद अब सैफ को क्लीन शेव दिखाया गया है. फिल्म के किसी भी प्रमोशनल इवेंट में सैफ हिस्सा नहीं ले रहे हैं लेकिन फाइनल ट्रेलर में ‘लंकेश’ के किरदार को काफी स्पेस दिया गया है. सैफ और ‘राघव’ यानी प्रभास की लड़ाई को ट्रेलर में इस बार ज्यादा प्रमुखता से दिखाया गया है. दूसरी तरफ, फिर इतने भव्य इवेंट में भी सैफ का नदारद रहना लोगों को समझ नहीं आ रहा है.
‘सीता हरण’ और ‘एक्शन ड्रामा’
ओम राउत ने अपनी इस फिल्म पर बहुत काम किया है लेकिन कमियां अब भी झलक रही हैं. फिल्म के ट्रेलर की शुरुआत सीता हरण से होती है और यही लोगों को अखर गया है. सीताजी को ले जाने का अंदाज लोगों को समझ नहीं आ रहा है. रावण के जाल में फंसी सीता को लटके हुए दिखाया गया है, जो एकबारगी देखने पर किसी हॉरर मूवी का आभास देता है. इसके साथ ही पूरे ट्रेलर को देखकर इसे एपिक ड्रामा कम एक्शन फिल्म ज्यादा कहा जा सकता है, जहां एक्शन में एडवांस तकनीक का इस्तेमाल नहीं किया गया है लेकिन ‘राघव’ को पूरी तरह से सुपरहीरो के तौर पर प्रजेंट किया गया है.
ओम राउत ने ‘रामायण’ को नए अंदाज में दिखाने के लिए पूरी तैयारी कर ली है. अब देखना यह है कि नए कलेवर में इस एपिक ड्रामा को जनता का कितना प्यार मिलता है.
.
Tags: Entertainment news., Kriti Sanon, Prabhas, Saif ali khan
FIRST PUBLISHED : June 07, 2023, 07:42 IST








