
अनंत कुमार/गुमला. नगर परिषद गुमला द्वारा जिला मुख्यालय के सड़क किनारे सब्जी बेचने वालों को पालकोट रोड शक्ति मंदिर के समीप और दुर्गा बाड़ी मंदिर परिसर के समीप स्थित दो वेंडिंग जोन में स्थाई ठिकाना दिया गया है. उक्त स्थानों में 100 से अधिक सब्जी विक्रेताओं को स्थान दिया है. सड़क किनारे से सब्जी विक्रेताओं को हटने से सड़क जाम, सड़क दुर्घटना जैसी समस्या से भी निजात मिली है, सड़क किनारे बैठने से दुकानदारों को बारिश, धूल-मिट्टी, प्रदूषण का सामना तो करना ही पड़ता था.
साथ ही खुले आसमान के नीचे सड़क किनारे बैठने से गर्मी में धूप और बरसात के मौसम में पानी या आंधी तूफान आने पर बड़ी अनहोनी की आशंका बनी रहती थी. इन सभी समस्याओं को देखते हुए उनके लिए वेंडिंग जोन में शिफ्ट किया गया.साथ ही कई सारी सुविधाएं भी दी जा रही हैं.जिससे सब्जी विक्रेताओं के साथ साथ ग्राहकों को भी कई सारे फायदे मिल रहे हैं.
वेंडिंग जोन में नहीं हो रही सही से बिक्री
सब्जी विक्रेता राहुल कुमार ने बताया कि पहले हम लोग सड़क के किनारे सब्जी बेचते थे, सड़क जाम, सड़क दुर्घटना जैसे कारणों को देखते हुए नगर परिषद द्वारा हमलोगो के लिए वेंडिंग जोन की व्यवस्था की गई है . साथ ही शेड, सोलर लाइट, बाथरूम इत्यादि की व्यवस्था की गई है. लेकिन मुख्य बात है कि ग्राहक ही नहीं पहुंच पाते हैं, जिसके कारण हमलोगों का सब्जी बर्बाद हो जाता है.सब्जी विक्रेता कमला देवी ने कहा कि सड़क किनारे दुकान अच्छा चल रहा था. नगर परिषद द्वारा व्यवस्था तो अच्छा किया गया है,लेकिन दुकान नहीं चल रही है.
शहर का आवागमन हुआ सुचारु
नगर परिषद प्रशासक संजय कुमार ने कहा कि जिला अंतर्गत दो प्रमुख मार्ग पालकोट रोड और जशपुर रोड के किनारे जो सब्जी विक्रेता बैठते थे. सड़क किनारे बैठाना उनके लिए जोखिम भरा था एवं आवागमन भी बाधित हो रहा था. इन सभी को ध्यान में रखते हुए उनके साथ कई दौर की मीटिंग करके सब्जी विक्रेताओं का विश्वास हासिल करते हुए, दोनों वेंडिंग जोन मे लगभग 109 सब्जी विक्रेताओं को शिफ्ट किया गया तथा उनके बैठने के लिए शेड, सामान रखने के लिए ताला बंद की व्यवस्था, लाइट, पेयजल की व्यवस्था, साथ ही ठंडा पानी के लिए फ्रीजर, सुरक्षा व्यवस्था के लिए गार्ड, साफ-सफाई के लिए 4 सफाई कर्मी की नियुक्ति इत्यादि व्यवस्था की गई है. इससे वे लोग काफी खुश भी हैं. ग्राहकों को भी फायदा हो रहा है और इससे शहर में आवागमन भी सुचारू रूप से चल रहा है.
.
FIRST PUBLISHED : June 06, 2023, 21:53 IST








