
अभिषेक रंजन/मुजफ्फरपुर. इंटरलॉकिंग कार्य के कारण उत्तर बिहार समेत मुजफ्फरपुर से गुजरने वाली कई ट्रेनें प्रभावित रहेंगी. इनमें पवन एक्सप्रेस, लिच्छवी एक्सप्रेस समेत अन्य ट्रेन शामिल हैं, जबकि दरभंगा से वाराणसी सिटी जाने वाली ट्रेन भी रद्द रहेगी. रेलवे द्वारा बताया गया कि पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल के औंरिहार-भटनी रेलखंड के मध्य औंरिहार-सादात स्टेशनों का पैच दोहरीकरण और नॉन इंटरलॉकिंग का काम किया जाना है. इस कारण पूर्व मध्य रेल के विभिन्न स्टेशनों से कई ट्रेनों के खुलने और गुजरने के समय में बदलाव किया गया है.
ये ट्रेनें प्रभावित
– दरभंगा से 07 जून को खुलने वाली गाड़ी संख्या-15551 दरभंगा-वाराणसी सिटी एक्सप्रेस रद्द रहेगी
– आनंद विहार टर्मिनल से 07 जून को प्रस्थान करने वाली 14018 आनंद विहार टर्मिनल-रक्सौल एक्सप्रेस परिवर्तित मार्ग शाहगंज, मऊ, फफेना के रास्ते चलेगी.
– लोकमान्य तिलक टर्मिनल से 09 जून को प्रस्थान करने वाली 11061 लोकमान्य तिलक टर्मिनस-जयनगर एक्सप्रेस वाराणसी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, पाटलिपुत्र, सोनपुर के रास्ते चलेगी.
– बरौनी से 11 जून को प्रस्थान करने वाली 14523 बरौनी-अंबाला एक्सप्रेस फफेना-मऊ, औंरिहार के रास्ते चलाई जाएगी.
ढोली स्टेशन पर रुकेगी पटना-जयनगर इंटरसिटी
वहीं मुजफ्फरपुर के रास्ते पटना से जयनगर जाने वाली इंटरसिटी एक्सप्रेस अब ढोली स्टेशन पर भी रुकने लगी है. इंटरसिटी एक्सप्रेस के ढोली स्टेशन पर रुकने से रोजाना बस से मुजफ्फरपुर आने वाले यात्रियों को काफी सुविधा होगी. रेलवे द्वारा दी गई जानकारी में बताया गया कि गाड़ी संख्या -15549/ 15550 जयनगर-पटना-जयनगर इंटरसिटी एक्सप्रेस का ढोली स्टेशन पर प्रायोगिक तौर से ठहराव दिया गया है.
.
Tags: Bihar News, Indian Railways, Muzaffarpur news, Train news
FIRST PUBLISHED : June 06, 2023, 21:36 IST








