इस गांव के लिए भागीरथ साबित हुई जिलाधिकारी दिव्या मित्तल, 60 दिनों में पेयजल संकट होगा पूरी तरह समाप्त

Share Now:

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

मंगला तिवारी/मिर्जापुर. उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जनपद में लहूरिया दह इलाके की यह तस्वीर पेयजल किल्लत की विकट समस्या बताने के लिए काफी है. गर्मी के मौसम में यहां बूंद-बूंद पानी के लिए लोग बेहाल हो रहे हैं. महिलाएं घर का कामकाज छोड़ कई किलोमीटर दूर जाकर सुबह पांच बजे से पानी के लिए कतार में खड़ी हो जाती हैं. गांव वालों की मानें तो पानी की किल्लत के कारण दूसरे इलाके के लोग इस गांव में बेटी का रिश्ता करने को तैयार नहीं होते हैं. मगर रहनुमाओं की अनसुनी की वजह से पेयजल संकट का कोई हल नहीं निकल पाया था. लेकिन अब जिलाधिकारी दिव्या मित्तल के पहल के बाद यहां पेयजल किल्लत दूर करने के लिए पायलट प्रोजेक्ट शुरू किया गया है, जो अब लगभग पूरा होने के कगार पर है.

बता दें, मिर्जापुर जिला मुख्यालय से महज 62 किमी दूर लहूरिया दह गांव में आजादी के बाद पहली बार पानी पहुंचेगा. जिसके बाद हजारों की आबादी वाले इस इलाके के लोगों का वर्षों से पानी के इंतजार खत्म होगा. शासन से मंजूरी मिलने के बाद पेयजल लाइन खींचकर गांव में पानी पहुंचाने का काम तीव्र गति से चल रहा है. जर्जर कुआं का मरम्मत करा दिया गया है. गांव के बाहर एक बांध का निर्माण भी कराया जा रहा है, जिसमें वर्षा का पानी एकत्रित किया जा सके.

डीएम ने किया था वादा
लहुरिया दह गांव के निवासी हरी लाल ने बताया कि पहले यहां पेयजल की बहुत दिक्कत होती थी. डीएम ने समस्या को देखा उसके बाद गर्मी तक पानी देने का वादा किया था. उसके बाद से काफी तेजी से काम हुआ है. पाइपलाइन बिछ गया है. जिलाधिकारी ने कुछ दिनों के अंदर पानी सप्लाई शुरू करने को बोला है. हमलोगों को उनपर बहुत भरोसा है. उन्होंने बंधा भी बनवा दिया है, अब पशुओं को भी पानी की किल्लत नहीं होगी.

डीएम के प्रयास पर पानी फेर रहें है प्रधान
जिलाधिकारी दिव्या मित्तल ने सितंबर 2022 में पहली बार यहां का दौरा करने के बाद ग्रामीणों को प्रतिदिन टैंकर से पानी उपलब्ध करवाना सुनिश्चित किया था. लेकिन ग्रामीणों का आरोप है कि यहां के मौजूदा प्रधान डीएम के इस पहल पर पानी फेर रहे हैं. लहूरिया दह निवासी बुधनी ने बताया कि डीएम ने टैंकर से पानी भेजने को कहा था. लेकिन टैंकर का पानी कभी आता है कभी नहीं आता. वहीं, शीला ने कहा कि हमारे यहां के प्रधान ही पानी में बाधक बनते हैं. डीएम का आदेश है लेकिन वो कभी टैंकर से पानी भेजते हैं तो कभी नहीं भेजते. शिकायत करने पर कहते हैं कि हम तुम लोगों के वोट से चुनाव नहीं जीते हैं.

लहूरिया दह की समस्या होगी समाप्त
जिलाधिकारी दिव्या मित्तल ने कहा कि लहूरिया दह इलाका जल से वंचित रहा है. यहां पर लोगों को पीने के पानी के लिए भी काफी समस्या का सामना करना पड़ता है. इसी क्रम में कई सारे विभागों में समन्वय स्थापित करते हुए कई योजनाएं यहां लागू की गई. जैसे जल जीवन मिशन से पाइपलाइन बिछाई गई है. रेन वाटर हार्वेस्टिंग के लिए पुराने कुएं का मरम्मत करा दिया गया है. गांव के बाहर एक बन्धी निर्माण भी कराया जा रहा है. उन्होंने बताया कि आगामी 60 दिनों के अंदर यहां के लोगों को पानी मिलने लगेगा. जिससे आने वाले समय में यहां अब पानी की कभी भी समस्या नहीं होगी.

Tags: Mirzapur news, Uttar Pradesh News Hindi

Source link

Up Head Line
Author: Up Head Line

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें