
रिपोर्ट-आशीष रंजन,
भागलपुर. वो आई तो थी सलाखों के पीछे बंद पति को देखने लेकिन किसे पता था कि पति को इस हाल में देख मौके पर ही उसके प्राण निकल जाएंगे. जेल में बंद पति को देखते ही पत्नी की मौत का ये दर्दनाक किस्सा भागलपुर का है. भागलपुर के विशेष केंद्रीय कारा भागलपुर में बंद पति से मिलने आई पल्लवी पति को सलाखों के पीछे देख बेसुध होकर गिरी और वहीं उसकी मौत हो गई.
मृतका जिले के घोघा थाना क्षेत्र के जानीडीह की रहने वाली थी. पल्लवी कुमारी अपने पति को सलाखों के पीछे देख कर जेल में ही बेहोश होकर गिर गई. जब उन्हें अस्पताल लाया गया तब डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. पति को सलाखों के पीछे देख पत्नी को गहरा सदमा लगा और उसने जेल में ही अपने प्राण त्याग दिए. दरअसल पल्लवी की शादी दो साल पहले घोघा के जानीडीह के रहने वाले गोविंद उर्फ गुड्डू से हुई थी.
कुछ महीने पहले गुड्डू को पास के ही रहने वाले विनोद यादव से जमीन को लेकर विवाद हुआ और दोनों तरफ से थाने में मामला दर्ज हुआ था, जिसमें पुलिस के द्वारा गोविंद उर्फ गुड्डू को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया. इस दौरान पल्लवी गर्भवती थी और इसी महीने की 27 तारीख को डॉक्टर ने डिलीवरी का डेट दिया था. मंगलवार को वह पति से मिलने की जिद करने लगी जिसके बाद परिजन उसे साथ ले जाने को तैयार हुए.
वो परिजनों के साथ अपने पति से मिलने विशेष केंद्रीय कारा पहुंची थी, जहां मुलाकात के दौरान जैसे ही उसने अपने पति का चेहरा देखा वह बेसुध होकर गिर गई. उसे परिजन जब अस्पताल लेकर गए तब वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. इस मामले में मृतक के भाई विक्की का कहना है कि पुलिस के द्वारा एकतरफा कार्रवाई की गई और उसके भाई को जहां जेल भेज दिया गया. दूसरे पक्ष के किसी व्यक्ति पर कोई कार्रवाई नहीं की गई, जिसका सदमा भाभी को लगा और वह भाई को देखते ही गिर पड़ी और उनकी मौत हो गई.
.
Tags: Bhagalpur news, Bihar News
FIRST PUBLISHED : June 06, 2023, 18:22 IST








