
हिमांशु अग्रवाल/छतरपुर: एमपी के छतरपुर जिले में दलित दूल्हे के द्वारा गांव में राछ निकालना भारी पड़ गया. छतरपुर के बक्सवाहा थाना क्षेत्र के ग्राम चौरई में एक दलित दूल्हे के द्वारा घोड़े पर बैठकर गांव में राछ निकाली जा रही थी, उसी दौरान बारातियों पर जमकर पथराव कर दिया गया. बवाल की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस पर भी पथराव किया गया, जिसमें पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं.
इस मामले में पुलिस ने 50 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है, जिसमें 20 लोग नामजद और 30 अज्ञात हैं. बता दें कि गांव में रितेश अहिरवार का विवाह था. जब वह घोड़ी पर सवार होकर गांव में ही राछ निकाल रहा था, तभी वहां मौजूद दबंगों ने दूल्हे और घोड़ी पर पत्थरबाजी शुरू कर दी. इसके बाद पूरे गांव में अफरातफरी का माहौल हो गया. बाद में एसपी अमित सांघी मौके पर पहुंचे और भारी पुलिस बल के साथ बारात को रवाना किया.
सागर गई बारात
पुलिस ने शासकीय कार्य में बाधा, मारपीट, बलवा, हरिजन एक्ट के तहत सभी आरोपियों पर मामला दर्ज कर लिया गया है. अब पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है. बकस्वाहा थाना क्षेत्र के चौरई गांव से दलित दूल्हे की बारात सागर जिले के शाहगढ़ जा रही थी, जिसके पहले रस्मों रिवाज से गांव में घोड़े पर बैठकर दूल्हे की राछ फैराई/घुमाई जानी थी, जिस पर गांव के दबंगों ने विरोध कर जमकर बवाल किया.
पुलिस सुरक्षा में गांव लौटेगी बारात
वहीं बवाल शांत होने के बाद रास फिराई का कार्यक्रम हुआ. इसके बाद देर शाम बारात शाहगढ़ को रवाना हुई. मंगलवार को बारात को लौटना है, जिसे सुरक्षा प्रदान की गई है. शादी के बाद के अन्य कार्यक्रम पुलिस सुरक्षा में ही पूर कराए जाएंगे. वहीं आरोपियों की तलाश जारी है. पुलिस का कहना है कि उन्हें जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा. सुरक्षा के लिहाज से अभी आरोपियों के नाम नहीं खोले गए हैं. गिरफ्तारी के बाद खोले जाएंगे.
.
FIRST PUBLISHED : June 06, 2023, 16:55 IST








