
हाइलाइट्स
महिला को ठग ने रिमोट लोकेशन ऐप डाउनलोड करने को कहा.
इस ऐप के जरिए आप किसी दूसरे सिस्टम में कहीं से भी एंट्री कर सकते हैं.
ठग ने महिला से कुछ पैसे भी ट्रांसफर करने के लिए कहे.
नई दिल्ली. मुबंई के अंधेरी इलाके में एक महिला के खाते से ठगों ने 6 लाख रुपये से ज्यादा की रकम निकाल ली है. ऐसा महिला द्वारा इंटरनेट पर मिले “कस्टमर केयर नंबर” से संपर्क करने के कारण हुआ. महिला अपने यूपीआई ई-वॉलेट में 200 रुपये की बकाया राशि प्राप्त करने की कोशिश कर रही थी, लेकिन उसे नहीं पता था कि उसका इंटरनेट पर जाकर अपनी समस्या का हल ढूंढना उसकी परेशानी को और बढ़ा देगा.
पुलिस के मुताबिक, 32 वर्षीय शिकायतकर्ता एक ट्रैवल एजेंसी के लिए पार्ट टाइम जॉब करती है. उसे एक क्लाइंट से अपने ई-वॉलेट में 200 रुपये लेने थे. हालांकि, ये ट्रांजेक्शन बीच में ही फंस गया. ट्रांजेक्शन अधूरा रहने के कारण उसे 200 रुपये प्राप्त नहीं हुए. उसने PayTM का कस्टमर केयर नंबर ढूंढने के लिए गूगल का सहारा लिया. इसके बाद उसे एक “हेल्पलाइन” मिली. उन्होंने इसी पर कॉल किया और ठग ने उन्हें फंसाकर 6.42 लाख रुपये निकाल लिए.
कैसे हुई ठगी?
पुलिस ने कहा कि साइबर ठग ने अपनी कॉन्टेक्ट डिटेल्स इंटरनेट पर कस्टमर केयर के रूप में अपलोड की थी. जब महिला ने उस नंबर पर संपर्क किया तो उधर से एक शख्स ने जवाब दिया. उसने खुद की पहचान पेटीएम के कार्यकारी के रूप में कराई. महिला ने कस्टमर केयर एग्जिक्यूटिव बनकर बात कर रहे ठग को अपनी परेशानी बताई. इसके बाद ठग ने उन्हें एक रिमोट लोकेशन ऐप डाउनलोड करने को कहा जिससे कि वह उनके फोन में एंट्री कर सके. महिला ने भी ऐसा कर दिया.
पैसे भेजने के लिए कहा
उसने ऐप के जरिए महिला की ही अनुमति से फोन में एंट्री कर ली. इसके बाद बात करते-करते उसने महिला को उसे कुछ पैसे भेजने के लिए मना लिया. संभवत: उसने ऐसा इसलिए किया ताकि वह महिला बैंकिंग ऐप में घुसकर फंड ट्रांसफर कर सके. उसने कहा कि आप कुछ पैसे भेज दीजिए जो रिफंडेबल है यानी उसके खाते में वापस आ जाएंगे. महिला ने ऐसा ही किया. इसके बाद जो हुआ उससे पीड़ित महिला के होश उड़ गए. ठग ने कुल 6.42 लाख रुपये महिला के खाते से ट्रांसफर कर लिए. जब पैसे वापस नहीं मिले तो महिला को समझ आया कि उसके साथ ठगी हुई है. इसके बाद ठग का फोन फोन बंद हो गया.
.
Tags: Business news in hindi, Cyber Crime, Online fraud, Paytm
FIRST PUBLISHED : June 06, 2023, 14:10 IST








