जगत के पालनहार भगवान जगन्नाथ हुए बीमार, मंदिर के कपाट बंद, 15 दिन बाद देंगे दर्शन

Share Now:

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


अनुज गौतम/सागर. जगत के पालनहार भगवान जगन्नाथ खुद बीमार पड़ गए हैं, यह जानकर आप अचरज भी कर सकते हैं. लेकिन मान्यताओं के अनुसार जगन्नाथ स्वामी अपनी बहन सुभद्रा और बड़े भाई बलदाऊ के साथ बीमार हो गए हैं. अगले 15 दिनों तक उनका स्वास्थ्य ठीक नहीं रहेगा. मंदिर के महंत व पुजारियों के द्वारा उनकी देखभाल की जाएगी, वैद्य बुलाए जाएंगे इलाज कराया जाएगा और जब वह ठीक हो जाएंगे तो रथ पर सवार होकर निकलेंगे.

बुंदेलखंड के सबसे प्राचीन कहे जाने वाले सिद्ध धाम पटेरिया जगदीश मंदिर में भी भगवान बीमार हो गए हैं. ओडिशा के जगन्नाथपुरी की तर्ज पर सागर जिले के गढ़ाकोटा में जगदीश स्वामी का मंदिर है. यहां पर ज्येष्ठ माह की पूर्णिमा को भगवान अपने भाई और बहन के साथ भक्तों को दर्शन देने के लिए गर्भगृह से बाहर निकले थे. पुजारियों के द्वारा 108 घड़े के पानी से उनका जलाभिषेक किया गया. स्नान कराया गया. नए वस्त्र पहनाए गए. छप्पन भोग लगाया गया. महाआरती हुई. भजन कीर्तन हुआ और इसके बाद आधी रात को भगवान मंदिर के अंदर चले गए. इसके बाद भीषण गर्मी की वजह से उन्हें लू लग गई और उन्हें बुखार आ गया. अब अगले 15 दिनों तक मंदिर के पट नहीं खुलेंगे. वे गर्भगृह में ही रहेंगे. तीन से चार दिन बाद पंडितों के द्वारा नाड़ी वैद्य को बुलाया जाएगा जो भगवान की नाड़ी चेक करेगा और देसी औषधियां देगा.

अब 15 दिन बाद वे स्वस्थ हो जाएंगे. पूरी तरह से स्वस्थ होने के बाद फिर से महाआरती होगी. मालपुए बनेंगे. मालपुए का भोग लगेगा और फिर रथ पर सवार होकर यात्रा के लिए अपने भाई और बहन के साथ भगवान जगन्नाथ निकलेंगे. इस रथयात्रा में हजारों लोग शामिल होते हैं. सागर जिले के गढ़ाकोटा स्थित जगदीश मंदिर में यह परंपरा करीब 257 साल से चली आ रही है. मान्यता के अनुसार ही यहां पर भगवान बीमार होते हैं, उनका इलाज होता है और फिर स्वस्थ होकर यात्रा पर निकलते हैं.

.

FIRST PUBLISHED : June 06, 2023, 12:48 IST

Source link

Up Head Line
Author: Up Head Line

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें