Bahadurgarh News : मुफ्त इलाज के नाम पर सरकार का गरीबों से मजाक जारी, दवाइयों की कमी से जूझ रहा अस्पताल

Share Now:

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


प्रदीप धनखड़/बहादुरगढ़ .सरकार गरीबों और जरुतमंदों के मुफ्त इलाज के लाख दावे करती है . गरीबों के कल्याण के लिए सरकारी अस्पतालों में मुफ्त इलाज करने का दम भरती है. लेकिन कुछ अधिकारियों या सिस्टम की लापरवाही के कारण सरकार की इन योजनाओं को पलीता लगाया जा रहा है. यानि जिन गरीबों का मुफ्त में इलाज होना चाहिए . उनको समय से जरुरत की दवाएं तक नहीं मिल रही. कहीं डॉक्टर नहीं हैं तो कहीं दवा.

अब बहादुरगढ़ के नागरिक अस्पताल को ही देख लीजिए. यहां मुफ्त इलाज के लिए आने वाले गरीब मरीजों को मायूसी ही हाथ लगती है. कहने को तो सरकार मुफ्त में इलाज करती है,दवाएं देती है लेकिन यह अस्पताल काफी समय से आवश्यक दवाइयों और इंजेक्शन की कमी से जूझ रहा है.

अस्पताल में समस्याओं का अंबार
बहादुरगढ़ के नागरिक अस्पताल में आम जनता को खासी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. मरीजों का कहना है कि जो दवा डॉक्टर उन्हें पर्ची पर लिख कर दे रहे हैं वो दवाई उन्हें अस्पताल में नहीं मिल पा रही है. जिसके चलते गरीब मरीजों को महंगे दामों पर बाहर से दवाईयां खरीदनी पड़ रही हैं. मरीजों का कहना है कि विटामिन D जैसी मामूली दवाईयां तक अस्पताल में उपल्बध नहीं हैं. लोगों को इंजेक्शन और सिरिंज के लिए भी बाहर जाना पड़ रहा है. अस्पताल से दवाइयां ना मिलने के कारण गरीब मरीजों की जेब पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है. जिससे मरीज़ बेहद परेशान है.

सीएमओ झज्जर को कराया गया समस्याओं से अवगत
इस संबंध में जब सामान्य अस्पताल के पीएमओ डॉक्टर गोपाल गोयल से बात की गई तो उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य विभाग के रोहतक स्थित वेयर हाउस से यहां दवाइयां आती हैं. दवाइयां खत्म होने के बारे में वेयरहाउस और सीएमओ झज्जर को लिखित में जानकारी दी गई है. डॉक्टर गोपाल गोयल का कहना है कि जल्द ही हालात सामान्य हो जाएंगे और मरीजों को फिर से दवाइयां मिलना शुरू हो जाएगा. इस मामले में लिखित जानकारी सरकार को दी जा चुकी है. तो ऐसे में स्वास्थ्य विभाग के बड़े अधिकारी इस ओर कब तक ध्यान देते हैं यह देखने वाली बात होगी.

.

FIRST PUBLISHED : June 06, 2023, 12:42 IST

Source link

Up Head Line
Author: Up Head Line

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें