
विजय राठौड़/ग्वालियर. आठ साल पहले अलग हुए पति और पत्नी अपने बच्चों की खातिर एक बार फिर शादीशुदा जीवन की शुरुआत करने जा रहे हैं. इनका आठ साल पहले तलाक हो चुका था. इनके दोनों बच्चे माता और पिता दोनों के साथ रहना चाहते हैं. बच्चों के खातिर अब पति पत्नी ने एक बार फिर से शादी कर एक होने का फैसला लिया है.
मिली जानकारी के अनुसार, वर्ष 2005 में मध्य प्रदेश के ग्वालियर की रहने वाली युवती का विवाह राजस्थान के धौलपुर के युवक के साथ हुआ था. 2007 और 2009 में क्रमश: वो बेटा और बेटी के माता-पिता बने. तब तक उनके वैवाहिक जीवन में सब ठीक ही था, लेकिन पति को नशे की लत लग गई. वो आए दिन शराब पीकर घर आने लगा जिसके चलते घर में भारी कलेश रहने लगा. बात इतनी बढ़ गई कि पति और पत्नी ने अलग होने का निर्णय ले लिया. वर्ष 2015 में दोनों ने तलाक ले लिया. कोर्ट के आदेश के अनुसार दोनों बच्चों की कस्टडी केवल पिता को दी गई. जबकि, मां चाहती थी कि बच्चों की कस्टडी उसको मिले.
जब यह मामला काउंसलिंग के लिए पहुंचा तो महिला, मिडिएटर हरीश दीवान के संपर्क में आई. उन्होंने महिला की पूरी बात को समझा. जिसके बाद निष्कर्ष निकाला गया कि मां को बच्चों से मिलने दिया जाएगा. हालांकि, शर्त यह रहेगी कि वो उन्हें पिता के खिलाफ भड़काएगी या बरगलाएगी नहीं. मिडिएटर हरीश दीवान ने बताया कि शहर के फूल बाग पार्क में पिता बच्चों को लेकर आया. वहां मेरी मौजूदगी में मां ने अपने बच्चों से मुलाकात की. इस दौरान मैंने उनके माता-पिता को बिठा कर बच्चों की खातिर एक बार पुनः एक होने की सलाह दी. शुरुआत में दोनों राजी नहीं हुए, लेकिन जब बच्चों के भविष्य को लेकर चर्चा की गई तो वो लोग तैयार हो गए.
जब पति-पत्नी एक होने के लिए तैयार हो गए तो मीडिएटर ने उन्हें सलाह दी कि चूंकि आपका तलाक हो चुका है. इसलिए आप इस तरह तो नहीं रह सकते, लेकिन यदि आप शादी कर लेते हैं तो आप फिर से साथ रह सकते हैं. इस पर दोनों तैयार हो गए. उनका कहना था कि आर्य समाज मंदिर में हम एक बार फिर से शादी करेंगे. इसमें हमारे बच्चे भी शामिल होंगे. इस बात को सुनकर उनके बेटा और बेटी खुशी से चहक उठे. उनकी खुशी देखने लायक थी. इस तरह बच्चों की खातिर एक घर टूटने से बच गया. इस अनोखी शादी में बच्चे अपने ही माता-पिता की शादी में बराती बनेंगे.
.
FIRST PUBLISHED : June 06, 2023, 09:34 IST








