
कोलकाता. ओडिशा के बालासोर में हुए रेल हादसे (Odisha Train Accident) को लेकर पश्चिम बंगाल में नेता विपक्ष और बीजेपी नेता शुभेंदु अधिकारी (Suvendu Adhikari) ने राज्य में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस (TMC) पर एक बड़ा सनसनीखेज आरोप लगाया है. अधिकारी ने कहा कि ‘ओडिशा ट्रेन हादसे की घटना टीएमसी की साजिश है. ये कल से इतना क्यों घबरा रहे हैं जबकि ये घटना दूसरे राज्य की है. सीबीआई जांच से क्यों डरते हैं? इन लोगों ने पुलिस की मदद से दोनों रेलवे अधिकारियों के फोन टैप किए. इन लोगों को रेलवे के दो अधिकारियों की बातचीत का पता कैसे चला? बातचीत कैसे लीक हो गई. सीबीआई जांच में यह आना चाहिए.’
भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि ‘अगर यह सब जांच में नहीं आया, तो मैं अदालत जाऊंगा.’ गौरतलब है कि ओडिशा के बालासोर में हुई ट्रेन दुर्घटना के बाद अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ रेलवे अधिनियम की धारा 153, 154 और 175 के तहत कटक में सरकारी रेलवे पुलिस (जीआरपी) ने एफआईआर दर्ज की है. बालासोर जीआरपीएस के एसआई पापु कुमार नाइक की शिकायत के बाद ये एफआईआर दर्ज की गई. वहीं केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव बालासोर में हुए रेल दुर्घटना के बाद राहत और बचाव कार्य को पूरा करने और रेलवे लाइन पर ट्रैफिक को बहाल करने के बाद दिल्ली लौट चुके हैं.
.
Tags: BJP, BJP VS TMC, Odisha Train Accident, Suvendu Adhikari, TMC
FIRST PUBLISHED : June 06, 2023, 07:54 IST








