
नई दिल्ली. बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने अफगानिस्तान के खिलाफ एकमात्र टेस्ट मैच के लिए 15 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया है. टेस्ट में पहली बार किसी हिंदू खिलाड़ी को बांग्लादेश टीम की कप्तानी का मौका मिलेगा. यह टेस्ट 14 जूनसे मीरपुर में खेला जाएगा. चूंकि आयरलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में लगी चोट के कारण शाकिब-अल-हसन (Shakib Al Hasan) टीम से बाहर हैं, ऐसे में विकेटकीपर बल्लेबाज लिटन दास (Litton Das) को नेतृत्व की कमान सौंपी गई है.
चोट से उबरने के बाद तस्कीन अहमद ने टीम में वापसी की है जबकि शहादत हुसैन और मुशफिक हसन को नए चेहरे के तौर पर टीम में जगह दी गई है.शहादत दाएं हाथ के बल्लेबाज हैं और उन्होंने 20 प्रथम श्रेणी मैचों में दो शतकों के साथ 1265 रन बनाए हैं. दूसरी ओर 20 साल के मुशफिक तेज गेंदबाज हैं.ये दोनों हाल में वेस्टइंडीज के खिलाफ अनऑफिशियल टेस्ट सीरीज खेलने वाली बांग्लादेश-ए टीम में शामिल थे.
वनडे, टी20 में रह चुके बांग्लादेश के कप्तान
लिटन दास की गितनी तीनों फॉर्मेटों में बांग्लादेश के बेहतरीन बल्लेबाजों में की जाती है. यह पहली बार हैं जब लिटन, टेस्ट में बांग्लादेश टीम का नेतृत्व करेंगे, इससे पहले,वे वनडे और टी20 में बांग्लादेशी टीम की कप्तानी संभाल चुके हैं. 16 फरवरी 1994 में दिनाजपुर में जन्मे लिटन बंगाली हिंदू कायस्थ परिवार से संबंध रखते हैं.उनके पिता का नाम बच्चू चंद्र द्रास और मां का नाम अनिता दास है.
लिटन ने अब तक बांग्लादेश टीम के लिए 38 टेस्ट, 69 वनडे और 71 टी20 मैच खेले हैं. टेस्ट क्रिकेट में तीन शतक और 15 अर्धशतक के साथ 2319 रन (औसत 35.67)और वनडे में 33.66 के औसत से 2121 रन उन्होंने बनाए हैं. वनडे में लिटन पांच शतक बना चुके हैं. टी20I में उन्होंने 23.43 के औसत से 1617 रन बनाए हैं जिसमें 10 अर्धशतक शामिल हैं.
बांग्लादेश टेस्ट टीम: लिटन दास (कप्तान), तमीम इकबाल, जाकिर हुसैन, नजमुल हुसैन शंतो, मोमिनुल हक, मुशफिकुर रहीम, मेहदी हसन मिराज, ताइजुल इस्लाम, सैयद खालिद अहमद, इबादत हुसैन, तस्कीन अहमद, शरीफुल इस्लाम, महमूदुल हसन जोय, शहादत हुसैन और मुशफिक हसन.
.
Tags: Bangladesh, Bangladesh cricket board, Bangladesh Cricketer
FIRST PUBLISHED : June 05, 2023, 14:02 IST








