
लखेश्वर यादव/जांजगीर चांपा. जिला में भाजपा महिला मोर्चा ने उग्र प्रदर्शन किया और सिटी कोतवाली जांजगीर का घेराव करने निकली. पुलिस की बैरिकेडिंग तोड़ने की कोशिश में महिला पुलिसकर्मियों के साथ उनकी झड़प हुई. इस झड़प में महिला मोर्चा और पुलिस महिलाकर्मियों को चोटें आई हैं. बता दें कि 25 मई को शराबबंदी की मांग को लेकर किए गए चक्काजाम के बाद बीजेपी महिला मोर्चा के अध्यक्ष सहित 40 कार्यकर्ताओं पर एफआईआर दर्ज की गई थी. रविवार का यह प्रदर्शन इसी कार्रवाई के खिलाफ था.
महिलाओं के खिलाफ एफआईआर के विरोध में बीजेपी महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष शालिनी राजपूत पहुंचीं. साथ ही नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल के साथ बीजेपी कार्यकर्त्ता शामिल हुए. कचहरी चौक में धरना-प्रदर्शन कर एफआईआर के विरोध में रविवार को थाने का घेराव करने निकली महिला मोर्चा की पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं ने पुलिस बैरिकेड्स तोड़कर आगे बढ़ना चाहा तो पुलिस के साथ उनकी झड़प हुई. इस बार भी आंदोलन के लिए प्रशासन से कोई अनुमति नहीं ली गई थी.
प्रदेश में पूर्ण शराबबंदी की मांग करते हुए, साथ ही 2000 करोड़ के शराब घोटाले के विरोध में भाजपा महिला मोर्चा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने 25 मई को बीटीआई चौक जांजगीर में प्रशासन की अनुमति के बिना चक्काजाम किया गया था. जिस पर कोतवाली पुलिस ने भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष रजनी सत्तू साहू सहित 40 पदाधिकरी और कार्यकर्ताओं के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था.
एफआईआर के विरोध में भाजपा महिला मोर्चा का प्रदेशस्तरीय हल्ला बोल कार्यक्रम रविवार को किया गया. कार्यकर्ताओं को रोकने के लिए पुलिस ने बैरिकेड्स लगाए थे. उसके आगे कार्यकर्ताओं को रोकने के लिए महिला पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया था. किसी तरह महिला मोर्चा की कार्यकर्ता बैरिकेड्स तोड़कर आगे बढ़ीं लेकिन पुलिस के द्वारा तैयार टीन की दीवार वे नहीं फांद सकीं. इस दौरान महिला पुलिसकर्मियों और कार्यकर्ताओं के बीच जमकर धक्का-मुक्की हुई, जिसमें कई महिला पुलिसकर्मी और कार्यकर्ताओं को चोटें आई हैं.
.
FIRST PUBLISHED : June 05, 2023, 11:24 IST








