
मो. महमूद आलम/नालंदा. बुद्धपूर्णिमा से यात्रा करनेवालों के लिए यह जरूरी खबर है. नालंदा के राजगीर से चलकर वाराणसी तक जाने वाली बुद्धपूर्णिमा एक्सप्रेस गाड़ी संख्या 14223 अब 29 जून तक के लिए रद्द कर दी गई. इस बात की जानकारी राजगीर के स्टेशन प्रबंधक चंद्र भूषण सिन्हा ने दी है. बता दें कि यह रेलगाड़ी वाराणसी रेलवे स्टेशन पर पिछले कुछ महीनों से चल रहे रीमॉडलिंग के कारण 16 फरवरी से लगातार रद्द है. इसके बाद फिर इसे रद्द कर दिया गया है.
बुद्धपूर्णिमा एक्सप्रेस बौद्ध सर्किट के पर्यटक की सुविधा के लिए चलाई गई है. यह ट्रेन राजगीर से चलकर नालंदा, पटना, गया, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन होते हुए बनारस और सारनाथ तक जाती है. लगातार 4 महीने से यह ट्रेन रद्द रहने से इस रूट के यात्रियों में गहरी नाराजगी है. यह ट्रेन राजगीर से रात 9:30 बजे खुलती थी और सुबह 6:40 मिनट पर वाराणसी स्टेशन पहुंचती थी.
पहले यह ट्रेन 29 अप्रैल तक के लिए रद्द की गई थी, लेकिन अब 29 जून तक यह ट्रेन रद्द रहेगी. बौद्ध सर्किट के लिए ट्रेन अपने आप में काफी महत्त्वपूर्ण है. यह सारनाथ से लेकर भगवान बुद्ध की ज्ञान भूमि बोधगया और कर्म भूमि राजगीर को जोड़ती है. इससे हर दिन सैकड़ों श्रद्धालु, पर्यटक आना-जाना करते थे. ट्रेन के रद्द होने से इस रूट के लोगों को बहुत परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.
.
FIRST PUBLISHED : June 05, 2023, 08:31 IST








