ओडिशा ट्रेन हादसा: ममता बनर्जी ने मौत के आंकड़ों पर उठाए सवाल, केंद्रीय मंत्री बोले- वह अपनी ‘ममता’ खो चुकी हैं

Share Now:

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


ठाणे. केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने ओडिशा ट्रेन दुर्घटना में मरने वालों की आधिकारिक संख्या पर सवाल उठाने को लेकर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर रविवार को निशाना साधा और कहा कि किसी को भी इस त्रासदी पर राजनीति नहीं करनी चाहिए.

इससे पहले दिन में, ममता बनर्जी ने ट्रेन दुर्घटना के संबंध में रेल मंत्रालय द्वारा दिये गए आंकड़ों पर सवाल उठाते हुए कहा कि अकेले उनके राज्य के ही 61 लोगों की मौत हुई है और 182 अब भी लापता हैं. केंद्रीय मंत्री ठाकुर ने महाराष्ट्र के ठाणे जिले के उल्हासनगर शहर में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि ओडिशा ट्रेन दुर्घटना दिल दहला देने वाली है.

हादसे में मौत के आधिकारिक आंकड़े पर पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री द्वारा सवाल उठाने पर उन्होंने कहा, “ममता बनर्जी अपनी ‘ममता’ खो चुकी हैं. आंकड़े राज्य (ओडिशा) सरकार द्वारा दिए गए थे जहां भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का शासन नहीं है.”

उन्होंने कहा कि ऐसी दुखद घटनाओं पर किसी को भी राजनीति नहीं करनी चाहिए. अधिकारियों के अनुसार, बालासोर में तीन ट्रेनों की भिड़ंत में कम से कम 275 लोगों की मौत हुई है और 1,100 से अधिक लोग घायल हो गए. बेंगलुरु-हावड़ा सुपरफास्ट एक्सप्रेस और शालीमार-चेन्नई सेंट्रल कोरोमंडल एक्सप्रेस तथा एक मालगाड़ी से जुड़ा यह भीषण हादसा शुक्रवार शाम लगभग सात बजे हुआ.

रेलवे ने ओडिशा ट्रेन हादसे में चालक की गलती और प्रणाली की खराबी की संभावना से इनकार किया तथा संभावित ‘तोड़फोड़’ और ‘इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग’ प्रणाली से छेड़छाड़ का संकेत दिया. उधर, बालासोर जिले के बाहानगा बाजार में शुक्रवार को हुए भीषण रेल हादसे के बाद, पूर्वी एवं दक्षिण भारत को जोड़ने वाली मुख्य ‘ट्रंक लाइन’ से रेलगाड़ियों के क्षतिग्रस्त डिब्बे हटा दिये गये हैं तथा ट्रेन सेवा बहाल करने के लिए दो रेल पटरियों को दुरुस्त कर दिया गया है.

दुर्घटना स्थल ऐसा लग रहा था, जैसे एक शक्तिशाली बवंडर ने रेलगाड़ी के डिब्बों को खिलौनों की तरह एक दूसरे के ऊपर फेंक दिया हो. मलबे को हटाने के लिए बड़ी क्रेन को लाया गया और क्षतिग्रस्त डिब्बों से शव निकालने के लिए गैस कटर का इस्तेमाल किया गया.

Tags: Anurag thakur, Mamata banerjee, Odisha Train Accident

Source link

Up Head Line
Author: Up Head Line

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें