
दुर्गेश सिंह राजपूत/नर्मदापुरम: नर्मदा कालोनी के शांति कुटी दांगी घाट पर तीन दिवसीय श्री राजराजेश्वरी त्रिपुर सुंदरी का दिव्य अभिषेक, पूजन, प्रवचन एवं शतचंडी यज्ञ की शुरुआत भव्य कलश शोभायात्रा के साथ हुई. शोभायात्रा विवेकानंद घाट से निकाली गई, जिसमें त्रिपुर सुंदरी मां राजराजेश्वरी एवं मां नर्मदा के अनन्य साधक स्वामी षण्मुखानन्द महाराज (हीरापुर वाले) बग्गी में सवार होकर शामिल हुए.
शोभायात्रा में सैकड़ों की संख्या में महिलाएं एवं भक्तजन मौजूद रहे, जो मुख्य मार्ग से होते हुए दांगी घाट पहुंची. इसके उपरांत शांति कुटी दांगी घाट में श्री राजराजेश्वरी त्रिपुर सुंदरी का दिव्य अभिषेक के साथ ही शतचंडी महायज्ञ का शुभारंभ हुआ, जिसमें श्रद्धालुओं ने आहुतियां छोड़ीं. पूजन, अर्चन उपरांत शाम 4 बजे से भागवत किंकर पं. कृष्णकांत शास्त्री वृंदावन धाम के तीन अमामिल उपाख्यान पर प्रवचन दिए.
इसके उपरांत पूज्य संत षणमुखानंद महाराज ने आर्शीवचन देते हुए कहा कि आजादी से बड़ा सुख दुनिया में कोई नहीं, अपने बेटा-बेटी उन्नति करें, तो माता-पिता और भगवान को भी खुशी होती है. कार्यक्रम आयोजक एवं समाजसेवी लायन डीएस दांगी ने कहा कि भारतीय संस्कृति में तपस्या और साधना का सबसे ज्यादा महत्व है. षणमुखानंद महाराज तपस्वी और साधक संत है, हम लोगों का सौभाग्य है कि उनके दर्शन यहां कर पा रहे हैं.
आगे बताया कि गुरुदेव श्री श्री श्री स्वामी जी षण्मुखानन्द महाराज (हीरापुर वाले) के करकमलों द्वारा शांति कुटी दांगी घाट में दिव्य अभिषेक, पूजन अर्चन, प्रवचन एवं शतचंडी यज्ञ का आयोजन किया जा रहा है. इस मौके पर केएस राजपूत, कौशलेश तिवारी, नलिन पटेल, प्रताप सिंह राजपूत, राजेश गौर, राकेश चौहान, नंदकिशोर रघुवंशी, कमल चौधरी, हेमंत चौधरी सहित अनेक लोग मौजूद रहे.
.
Tags: Hoshangabad News, Mp news
FIRST PUBLISHED : June 04, 2023, 21:11 IST








