
संतोष कुमार गुप्ता/छपरा. बिहार के सारण जिले में अपराधी बेखौफ हैं. उनके मन के कानून और पुलिस का डर जाता रहा है. मुबारकपुर पंचायत के पूर्व मुखिया के पति हरेंद्र राय की बीती रात यहां बदमाशों ने गोली मार कर हत्या कर दी. घटना मांझी थाना क्षेत्र के रेवल टोला मनपुरा की है. बताया जा रहा है कि हरेंद्र राय मुबारकपुर से एक शादी समारोह में शामिल हो कर वापस घर लौट रहे थे. इस दौरान, रेवल टोला के पास मोटरसाइकिल सवार दो अज्ञात अपराधियों ने उन्हें गोली मार दी. सूचना मिलने पर सदर एसडीपीओ और मांझी थाना अध्यक्ष ने मौका-ए-वारदात पर पहुंच कर मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस अधीक्षक (एसपी) डॉ. गौरव मंगला ने मामले की जांच के लिए एसआईटी का गठन किया है.
एसपी ने बताया कि पूर्व मुखिया के पति हरेंद्र राय हत्याकांड में शामिल अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए मुख्यालय डीएसपी के नेतृत्व में एसआईटी टीम का गठन किया गया है. एसआईटी हेड व मुख्यालय डीएसपी सौरभ जयसवाल ने इस मामले में प्रारंभिक जांच के बाद कुछ संदिग्ध लोगों की पहचान की है, जिनकी तलाश शुरू कर दी गई है. हालांकि, उन्होंने इस मामले में ज्यादा कुछ बताने से इनकार किया. उन्होंने कहा कि वारदात में शामिल अपराधियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा.
पोस्टमॉर्टम के बाद शव के गांव पहुंचने पर कोहराम मच गया. हरेंद्र राय के शव के अंतिम दर्शन करने के लिए बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी. प्रशासनिक सुरक्षा के बीच शव का अंतिम संस्कार कराया गया. तनाव को देखते हुए गांव में पुलिस कैंप कर रही है.
परिजनों ने साजिश के तहत हत्या का लगाया आरोप
परिजन अजय राय ने बताया कि शनिवार की शाम हरेंद्र राय एक विवाह समारोह में शामिल होने के लिए गये थे. वहां से वापस लौटते वक्त अपराधियों ने उन्हें गोली मार दी. इलाज के लिए अस्पताल ले जाते वक्त उनकी मौत हो गई. परिजनों ने हत्या के पीछे गहरी साजिश की आशंका व्यक्त की है.
.
Tags: Bihar crime news, Bihar News in hindi, Chhapra News, Murder, Saran News
FIRST PUBLISHED : June 04, 2023, 15:29 IST








