
मृत्युंजय कुमार/बोकारो. झारखंड के बोकारो में नशे के काले कारोबार का पर्दाफाश हुआ है. पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए उकरीद मोड़ से तीन गांजा तस्करों को 32 किलो गांजा के साथ गिरफ्तार किया है. पकड़े गये तीनों तस्कर अलग-अलग बैग में गांजा भर कर रांची से उकरीद मोड़ पर बस से उतरे थे. यहां पुलिस पहले से तैयार बैठी थी. मौके से तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया.
ट्रैफिक डीएसपी पूनम मिंज ने बताया कि पुलिस अधीक्षक (एसपी) चंदन झा को गांजा तस्करी की गुप्त सूचना मिली थी. इसके आधार पर उनके और बीएस सिटी थाना प्रभारी गजेंद्र पांडेय की अगुवाई में उकरीद मोड़ से तीन गांजा तस्करों को 32 किलो गांजा के साथ गिरफ्तार किया गया. इस गांजा को ट्रेन से ओडिशा से रांची लाया गया था. गांजी तस्करी का मास्टरमाइंड बोकारो सेक्टर वन का निवासी सुमित कुमार अपने दो सहयोगियों के साथ गांजी को लेकर रांची की बस में सवार हुआ और उकरीद मोड़ के पास उतर गया.
गिरफ्तार अन्य दो तस्करों के नाम बालीडीह निवासी सहीद अनवर और ओडिशा का रहने वाले अनिल माली है. गिरफ्तार तस्करों में से दो ने पिट्ठू बैग में गांजा को भर रखा था. जबकि, एक तस्कर ट्रॉली बैग में गांजा को भरे हुए था. इन तीनों के पास से कुल 16 पैकेट गांजा बरामद किया गया है.
बता दें कि, पूर्व में भी बोकारो आरपीएफ ने ट्रेन से गांजा तस्करी कर उसे बिहार ले जाते हुए तस्करों को गिरफ्तार किया था. उस समय भी ओडिशा से गांजा ला कर तस्करी की बात सामने आई थी. एक बार फिर गांजा तस्करी में ओडिशा का लिंक सामने आया है. हालांकि, इस बार बोकारो में ही जब्त किये गये गांजा को खपाने की तैयारी थी जिसका पुलिस ने उद्भेदन किया है.
.
Tags: Bokaro news, Crime News, Ganja smuggler, Jharkhand news, Marijuana
FIRST PUBLISHED : June 04, 2023, 13:03 IST








