Weather Update: 15 जून तक गया में हीट वेब का पूर्वानुमान, आपदा विभाग ने जारी की एडवाइजरी

Share Now:

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

कुंदन कुमार/गया. इन दिनों पूरा बिहार भीषण गर्मी से परेशान है. कुछ जिलों में हीट वेव जैसी स्थिति बनी हुई है. शनिवार को गया जिले का अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है. आनेवाले 15 जून तक गया के तापमान मे कोई गिरावट नहीं होगी. जिले में हीट वेव की स्थिति बन रही है. इसको देखते हुए गया जिला प्रशासन ने एडवाइजरी जारी करते हुए लोगों को घर से नहीं निकलने और स्कूल एवं कोचिंग संस्थान सुबह 9:30 के बाद बंद करने का निर्देश दिया है.

ज़िला पदाधिकारी गया डॉ. त्यागराजन एसएम ने गया जिलावासियों से अपील की है कि आपदा विभाग द्वारा जारी एडवाइजरी का पालन कर लू के बुरे प्रभाव से बचें. बिना जरूरी कार्य घर से बाहर न निकलें. धूप में निकलने के दौरान अपने माथे पर तौलिया या टोपी अनिवार्य रूप से पहनें.

अगले 15 दिनों तक राहत नहीं

डीएम के मुताबिक, मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि अगले 15 दिनों तक गर्मी से कोई राहत नहीं मिलेगी. तापमान में बढ़ोतरी होने की उम्मीद जताई गई है. साथ ही उन्होंने बताया कि हीटवेव चलने का पूरी संभावना है. 15 जून तक लू का पूर्वानुमान है. गया ज़िलावासियों से अपील है कि आपदा विभाग द्वारा जारी एडवाइजरी का शत-प्रतिशत पालन करें. सभी प्राइवेट विद्यालय एवं कोचिंग संस्थान सुबह 9:30 बजे के बाद पठन-पाठन कार्यक्रम बंद रखें. सभी दोपहिया वाहन चालकों से अपील है कि यथासंभव दोपहर के दौरान मोटरसाइकिल चलाने से परहेज करें.

आपके शहर से (गया)

ऐसे बचें हीट वेव से

गया के सिविल सर्जन डॉ. रंजन कुमार सिंह ने बताया कि लू से सुरक्षा के लिए जितनी बार हो सके पानी पिएं. सफर में अपने साथ पीने का पानी हमेशा रखें. जब भी बाहर धूप में जाएं यथासंभव हल्के रंग के ढीले-ढाले सूती कपड़े पहनें. धूप चश्मे का इस्तेमाल करें. गमछे या टोपी से अपने सिर को ढंक के रखें व हमेशा जूता या चप्पल पहने. हल्का भोजन करें. अधिक पानी की मात्रा वाले मौसमी फल जैसे- तरबूज, खीरा, ककड़ी, खरबूजा, संतरा आदि का अधिक से अधिक सेवन करें. घर में बने पेय पदार्थ जैसे लस्सी, नमक-चीनी का घोल, छाछ, नींबू-पानी, आमपन्ना इत्यादि का नियमित सेवन करें. अपने दैनिक भोजन में कच्चा प्याज, सत्तू, पुदीना, सौंफ तथा खस को भी शामिल करें. स्थानीय मौसम के पूर्वानुमान और आगामी तापमान के परिवर्तन के बारे में विभिन्न विश्वसनीय सूत्रों से लगातार जानकारियां लेते रहें. अगर तबीयत ठीक न लगे या चक्कर आए तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें.

इन चीजों का नहीं करें सेवन

जहां तक संभव हो कड़ी धूप में बाहर न निकलें. अधिक तापमान में बहुत अधिक शारीरिक श्रम न करें. चाय, कॉफी जैसे गर्म पेय तथा जर्दा तंबाकू आदि मादक पदार्थों का सेवन कम से कम अथवा न करें. ज्यादा प्रोटीन वाले भोजन जैसे- मांस, अंडा व सूखे मेवे, जो शारीरिक ताप बढ़ाते हैं, का सेवन कम करें अथवा न करें, यदि व्यक्ति गर्मी या लू के कारण उल्टियां करे या बेहोश हो तो उसे कुछ भी खाने-पीने को न दें, बच्चों को बंद वाहनों में अकेला न छोड़ें.

लू लगे तो करें ये उपाय

लू लगे व्यक्ति को छांव में लिटा दें, अगर उसके शरीर पर तंग कपड़े हों तो उन्हें ढीला कर दें अथवा हटा दें. लू लगे व्यक्ति का शरीर ठंडे गीले कपड़े से पोछें या ठंडे पानी से नहलाएं. उसके शरीर के तापमान को कम करने के लिए कूलर, पंखे आदि का प्रयोग करें. उसके गर्दन, पेट एवं सिर पर बार-बार गीला तथा ठंडा कपड़ा रखें. उस व्यक्ति को ओआरएस, नींबू-पानी, नमक चीनी का घोल, छाछ या शरबत पीने को दें, जो शरीर में जल की मात्रा को बढ़ा सके. लू लगे व्यक्ति की हालत में यदि एक घंटे तक सुधार न हो तो उसे तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले जाएं.

Tags: Gaya news, Heat Wave, Weather forecast

Source link

Up Head Line
Author: Up Head Line

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें