
हरदा. मध्य प्रदेश के हरदा जिले से चौंकाने वाली खबर है. जिले के भिरंगी स्टेशन के पास 6 महीने पहले लव मैरिज करने वाले पति-पत्नी ने ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली. पति की उम्र 35 साल और पत्नी की उम्र 19 साल है. पुलिस ने दोनों के शव जब्त कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिए हैं. पुलिस का कहना है कि घटना की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं है. जांच में यह पता चला है कि युवक पहले से शादीशुदा था और उसके दो बच्चे थे. जिस लड़की से उसने शादी की उसने दो साल पहले उस पर रेप का आरोप लगाया था. पुलिस इस मामले के हर पहलू पर जांच कर रही है.
जानकारी के मुताबिक, 3 जून को कुछ लोग भिरंगी रेलवे स्टेशन के पास से गुजर रहे थे. इस बीच जब वे खम्बा नंबर 651 /8 के पास पहुंचे तो उनके होश उड़ गए. यहां दो शव दो भागों में कटे हुए रखे थे. लोगों ने तुरंत इसकी सूचना रेलवे पुलिस को दी. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच की. इसके बाद स्थानीय पुलिस को भी खबर की गई. पुलिस ने शवों को जब्त कर खिरकिया अस्पताल भेज दिया.
6 महीने पहले ही की थी शादी
पुलिस ने जांच की तो पता चला कि घटना 2 जून की रात करीब 2 बजे की है. मरने वाले पति-पत्नी थे. पति का नाम दुर्गा उमरिया उम्र 35 साल और पत्नी का नाम रत्ना उम्र 19 साल था. पुलिस ने इस मामले में परिजनों के बयान लिए. परिजनों ने बताया कि दोनों की लव मैरिज थी. उनकी शादी आर्य समाज मंदिर में हुई थी. उनके आत्महत्या की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है. पुलिस परिजनों के अलावा अन्य लोगों से भी पूछताछ कर रही है.








