
अखिलेश सोनकर/चित्रकूट. चित्रकूट जनपद में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहां नीट की तैयारी कर रहे एक नाबालिग लड़के ने खुदकुशी कर ली है. लड़के का नाम अभय था. बता दें कि अभय के पिता को पुलिस ने तंत्र-मंत्र और रेप के आरोप में जेल भेज रखा है. परिजनों का आरोप है कि अभय को फोन पर कोई लड़की लगातार धमकी दे रही थी. साथ ही उसपर पुलिस थाने में जाकर बयान दर्ज करवाने का भी दबाव बनाया जा रहा था. इसी के बाद नाबालिग अजय ने खुदकुशी कर ली. हालांकि इस मामले में पुलिस अधीक्षक वृंदा शुक्ला का कहना है कि पिता के जेल भेजे जाने और खुदकुशी के इस मामले में कोई कनेक्शन नहीं है.
मामला सीतापुर चौकी क्षेत्र के बाणतालाब मोहल्ले का है. यहां अभय नाम का छात्र इंटर पास कर मेडिकल की पढ़ाई के लिए नीट की तैयारी कर रहा था. ऐसे में उसकी खुदकुशी से पूरा परिवार व दोस्त गहरे सदमे में हैं. बलात्कार मामले में उसके पिता के जेल जाने से पहले से ही परिवार संकट में था. अब इस अभय की खुदकुशी से परिवार पर दोहरी आफत आ गई है. परिजन बार-बार यही कह रहे हैं कि पिता को पहले फर्जी मामले में जेल भेजा गया, फिर बेटे को भी जेल भेजने की साजिश हो रही थी. इसे बेटा बर्दाश्त नहीं कर सका और जहर खाकर खुदकुशी कर ली.
अभय के दादा मिथलेश जोशी ने बताया कि तीन दिनों से लगातार किसी युवती व अतर्रा थाने से दारोगा का फोन आने से अभय भयभीत रहता था. बुधवार को भी लगभग 11 बजे एक फोन आया तो उसने खुद को अतर्रा थाने का दारोगा बताया. फोन पर अभय को हर हाल में थाने आकर दर्ज मामले में बयान देने और बातचीत करने का दबाव बनाया गया. अभय ने उस शख्स से अपनी बहन से बात भी कराई थी. इसके बाद वह बेहद डरा हुआ था. फोन कर उसने दादा को कहा कि अब वह भी फंस गया है. उसे कई बार आश्वासन दिया गया लेकिन उसने डर के मारे कमरे में जाकर जहरीला पदार्थ खा लिया. परिजनों ने दारोगा व फर्जी तरीके से अभय को फंसाने की साजिश करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है.
इस मामले में पुलिस अधीक्षक वृंदा शुक्ला का कहना है कि मृतक छात्र का उसकी रिश्तेदारी में किसी लड़की से प्रेम प्रसंग चल रहा था. अभय के खिलाफ उसकी रिश्तेदार किशोरी के पिता ने 29 मई को अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई थी. इस मामले में किशोरी का बयान भी अदालत में दर्ज हो चुका है. इसी बावत आरोपी को फोन कर पूछताछ के लिए बुलाया जा रहा था. पहली नजर में यह प्रतीत हो रहा है कि उसी के दबाव में आकर उसने आत्महत्या कर ली है. इससे पहले उसके पिता पर तंत्र-मंत्र और रेप का आरोप लगा था, जिस पर उसके पिता को जेल भेजा गया था. उस मामले से इस मामले का कोई कनेक्शन नहीं है. अगर पीड़ित परिवार कोई तहरीर देता है तो उस पर मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी.
.
FIRST PUBLISHED : June 04, 2023, 07:58 IST








