ओडिशा ट्रेन दुर्घटना: साहस, समर्पण और करुणा की मिसाल… PM मोदी ने की बचाव कार्यों में लगे सदस्यों की तारीफ

Share Now:

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


नई दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ओडिशा में हुई ट्रेन दुर्घटना के बाद बचाव कार्यों में लगे सदस्यों की शनिवार को सराहना की। उन्होंने लोगों के साहस और करुणा की भी प्रशंसा की. एक ट्वीट में, पीएम मोदी ने दुनिया के नेताओं के शोक संदेशों के लिए उनका आभार भी व्यक्त किया.

उन्होंने कहा, ‘ओडिशा में हुए ट्रेन हादसे पर दुनिया के नेताओं के शोक संदेशों से बेहद अभिभूत हूं. संवेदनाओं से भरे उनके शब्द शोक संतप्त परिवारों को शक्ति देंगे. उनके समर्थन के लिए आभार.’

एक अन्य ट्वीट में, प्रधानमंत्री ने बचाव दल के सदस्यों और अन्य अधिकारियों की प्रशंसा करते हुए कहा, ‘मैं रेलवे, एनडीआरएफ, ओडीआरएएफ, स्थानीय अधिकारियों, पुलिस, दमकल विभाग के अधिकारियों, स्वयंसेवकों और प्रत्येक व्यक्ति की सराहना करता हूं जो बिना थके वहां काम कर रहे हैं और बचाव कार्यों में मदद दे रहे हैं. उनके समर्पण पर गर्व है.’

उन्होंने कहा, ‘विपरीत परिस्थितियों में हमारे देश के लोगों द्वारा दिखाया गया साहस और करुणा वास्तव में प्रेरणादायक है. जैसे ही ओडिशा में ट्रेन दुर्घटना हुई, लोग बचाव कार्यों में मदद करने में जुट गए. कई लोग रक्तदान करने के लिए कतार में खड़े हो गए.’

इससे पहले, प्रधानमंत्री मोदी ने ओडिशा के बालासोर जिले में दुर्घटना स्थल का दौरा किया. उन्होंने अस्पताल में कुछ घायलों से मुलाकात भी की. पीएम मोदी ने कहा, ‘अपना दर्द बयां करने के लिए मेरे पास शब्द नहीं हैं. रेल हादसे के लिए दोषी पाये जाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी. किसी को बख्शा नहीं जाएगा.’

बालासोर जिले में शुक्रवार की शाम लगभग सात बजे शालीमार-चेन्नई सेंट्रल कोरोमंडल एक्सप्रेस और बेंगलुरु-हावड़ा एक्सप्रेस ट्रेन के पटरी से उतरने और एक मालगाड़ी से टकराने से यह हादसा हुआ। दोनों यात्री ट्रेन में करीब 2500 यात्री सवार थे. दुर्घटना में 21 डिब्बे पटरी से उतर गए और गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गए, जिससे सैकड़ों यात्री फंस गए. दोनों यात्री रेलगाड़ियां तीव्र गति से चल रही थीं और विशेषज्ञों ने इसे हताहतों की अधिक संख्या के मुख्य कारणों में से एक बताया है.

रेल हादसे के बाद करीब 90 ट्रेन को रद्द किया गया है, जबकि 46 ट्रेन के मार्ग में परिवर्तन किया गया. हादसे के कारण प्रभावित ज्यादातर ट्रेन दक्षिण और दक्षिण-पूर्व रेलवे जोन की हैं. एक अधिकारी ने शनिवार अपराह्न तक उपलब्ध रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि हादसे में 288 यात्रियों की मौत हुई है। वहीं, 56 घायलों की हालत गंभीर है.

Tags: Narendra modi, Odisha

Source link

Up Head Line
Author: Up Head Line

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें