ओडिशा रेल दुर्घटना: हादसे की शिकार हुई ट्रेनों के लोको पायलट और गार्ड का क्या हुआ? रेलवे अधिकारी ने दी जानकारी

Share Now:

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


बालासोर. ओडिशा के बालासोर में शुक्रवार रात हुए भीषण रेल हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर 288 पर पहुंच गई है, वहीं 800 से ज्यादा लोग घायल हो गए हैं. इस बीच हादसे की शिकार हुईं ट्रेनों के ड्राइवर और गार्ड को लेकर बड़ी जानकारी सामने आई है. रेलवे  के एक अधिकारी ने बताया कि इन दोनों ट्रेनों के ड्राइवर और गार्ड घायल हैं और उनका अलग-अलग अस्पतालों में इलाज किया जा रहा है.

अधिकारी ने यह भी बताया कि इस हादसे में शामिल मालगाड़ी का इंजन चालक और गार्ड बाल-बाल बच गए. उन्होंने बताया कि घायलों की लिस्ट में कोरोमंडल एक्सप्रेस के लोको पायलट और उनके सहायक के साथ-साथ गार्ड और बेंगलुरु-हावड़ा सुपरफास्ट एक्सप्रेस के गार्ड शामिल हैं.

दक्षिण पूर्व रेलवे के खड़गपुर मंडल के वरिष्ठ मंडल कमर्शियल मैनेजर राजेश कुमार ने कहा, ‘कोरोमंडल एक्सप्रेस के लोको पायलट, सहायक लोको पायलट तथा गार्ड और बेंगलुरु-हावड़ा एक्सप्रेस के गार्ड का अलग-अलग अस्पतालों में इलाज किया जा रहा है.’

ये भी पढ़ें- : ‘पटरियों पर खून ही खून था, चारों तरफ लाशें थीं’- कोरोमंडल एक्सप्रेस के यात्री की आंखों देखी

बता दें कि बालासोर जिले में शुक्रवार की शाम लगभग 7 बजे शालीमार-चेन्नई सेंट्रल कोरोमंडल एक्सप्रेस और बेंगलुरु-हावड़ा एक्सप्रेस ट्रेन के पटरी से उतरने और एक मालगाड़ी से टकराने से यह हादसा हुआ. इस दुर्घटना में 17 डिब्बे पटरी से उतर गए और गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गए, जिससे सैकड़ों यात्री फंस गए. रेल मंत्रालय ने इस हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए हैं.

ग्रीन सिग्नल देकर लिया वापस!
इस बीच रेल अधिकारियों ने इस सबसे भीषण हादसे की प्रारंभिक जांच रिपोर्ट सौंप दी है. इसमें यह पता चला है कि दुर्घटनाग्रस्त हुई कोरोमंडल एक्सप्रेस ट्रेन बाहानगा बाजार स्टेशन से ठीक पहले मुख्य मार्ग के बजाय ‘लूप लाइन’ पर चली गई और वहां पहले से खड़ी एक मालगाड़ी से टकरा गई.

ये भी पढ़ें- गलत पटरी पर चली गई ट्रेन और कुछ ही मिनट में बदल गया पूरा मंजर, जानें अब तक क्या-क्या हुआ

इस शुरुआती जांच रिपोर्ट से संकेत मिलता है कि कोरोमंडल एक्सप्रेस को पहले ग्रीन सिग्नल दिया गया था, फिर बंद कर दिया गया. इसमें कहा गया है कि ‘सिग्नल दिया गया था और ट्रेन संख्या 12841 को अप मेन लाइन के लिए रवाना किया गया था, लेकिन ट्रेन अप लूप लाइन में प्रवेश कर गई और लूपलाइन पर खड़ी मालगाड़ी से टकरा गई और पटरी से उतर गई. इस बीच, (ट्रेन संख्या) 12864 ‘डाउन मेन लाइन’ से गुजरी और उसके दो डिब्बे पटरी से उतर गए और पलट गए.’

इस बीच रेलवे ने इस हादसे में जान गंवाने वाले यात्रियों के परिजनों के लिए 10-10 लाख रुपये, गंभीर रूप से घायलों के लिए दो-दो लाख रुपये और मामूली रूप से घायल लोगों के लिए 50-50 हजार रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है. वहीं पीएम मोदी ने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की अतिरिक्त अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है. इसके अलावा कई अन्य राज्यों ने भी सहायता की घोषणा की है.

Tags: Indian railway, Odisha Train Accident, Train accident

Source link

Up Head Line
Author: Up Head Line

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें