ओडिशा रेल हादसे के बाद बेतहाशा बढ़ गया भुवनेश्वर की फ्लाइट्स का किराया, सरकार ने एयरलाइंस को दिए सख्त निर्देश

Share Now:

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

नई दिल्ली. ओडिशा में शुक्रवार को हुए भीषण रेल हादसे के बाद से भुवनेश्वर आने-जाने वाली फ्लाइट्स की टिकटों की कीमत में जबर्दस्त इजाफा देखा गया. हालांकि इसे लेकर नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने तत्काल कदम उठाते हुए सभी एयरलाइंस को सख्त निर्देश दिए हैं. मंत्रालय ने शनिवार को सभी विमानन कंपनियों को निर्देश दिया कि भुवनेश्वर आने-जाने वाली फ्लाइट्स के किराये में असामान्य वृद्धि पर निगरानी रखें और ऐसा होने से रोकने के लिए जरूरी कदम उठाएं.

उड्डयन मंत्रालय ने इस संबंध में सभी एयरलाइंस को एडवायजरी जारी की है, जिसमें यह भी निर्देश दिया है कि इस रेल हादसे के कारण किसी हवाई यात्रा के टिकट को रद्द करने और यात्रा की तारीख बदलने पर उन्हें यात्रियों से कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं लेना चाहिए.

मंत्रालय ने एक बयान में कहा, ‘ओडिशा में हुए दुर्भाग्यपूर्ण रेल हादसे को देखते हुए नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने सभी विमानन कंपनियों को भुवनेश्वर आने वाली और वहां से जाने वाली उड़ानों के हवाई किराये में असामान्य वृद्धि पर नजर रखने और इस पर रोक लगाने के लिए जरूरी कार्रवाई करने की सलाह दी है.’

ये भी पढ़ें- गलत पटरी पर चली गई ट्रेन और कुछ ही मिनट में बदल गया पूरा मंजर, जानें अब तक क्या-क्या हुआ

बता दें कि ओडिशा के बालासोर में शुक्रवार रात हुए भीषण रेल हादसे में कम से कम 288 लोगों की मौत हो गई और 800 से ज्यादा लोग घायल हो गए हैं. मंत्रालय ने ओडिशा से विमान सेवाएं संचालित करने वाली सभी एयरलाइंस से इस ट्रेन हादसे में जान गंवाने वाले यात्रियों के शवों को मौजूदा नीति के अनुसार उनके गृहराज्य तक पहुंचाने में पूरा सहयोग करने को भी कहा है.

बालासोर जिले में शुक्रवार की शाम लगभग सात बजे शालीमार-चेन्नई सेंट्रल कोरोमंडल एक्सप्रेस और बेंगलुरु-हावड़ा एक्सप्रेस ट्रेन के पटरी से उतरने और एक मालगाड़ी से टकराने से यह हादसा हुआ. इस दुर्घटना में 17 डिब्बे पटरी से उतर गए और गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गए, जिससे सैकड़ों यात्री फंस गए.

ग्रीन सिग्नल देकर लिया वापस!
इस बीच रेल अधिकारियों ने इस सबसे भयावह हादसे की प्रारंभिक जांच रिपोर्ट सौंप दी है. इसमें यह पता चला है कि दुर्घटनाग्रस्त हुई कोरोमंडल एक्सप्रेस ट्रेन बाहानगा बाजार स्टेशन से ठीक पहले मुख्य मार्ग के बजाय ‘लूप लाइन’ पर चली गई और वहां खड़ी एक मालगाड़ी से टकरा गई.

ये भी पढ़ें- : ‘पटरियों पर खून ही खून था, चारों तरफ लाशें थीं’- कोरोमंडल एक्सप्रेस के यात्री की आंखों देखी

इस शुरुआती जांच रिपोर्ट से संकेत मिलता है कि सिग्नल दिया गया था, फिर बंद कर दिया गया. इसमें कहा गया है कि ‘सिग्नल दिया गया था और ट्रेन संख्या 12841 को अप मेन लाइन के लिए रवाना किया गया था, लेकिन ट्रेन अप लूप लाइन में प्रवेश कर गई और लूपलाइन पर खड़ी मालगाड़ी से टकरा गई और पटरी से उतर गई. इस बीच, (ट्रेन संख्या) 12864 ‘डाउन मेन लाइन’ से गुजरी और उसके दो डिब्बे पटरी से उतर गए और पलट गए.’

इस बीच पीएम मोदी ने दुर्घटनास्थल का दौरा किया और राहत कार्यों का जायजा लिया. उनके साथ वैष्णव और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान भी थे. प्रधानमंत्री ने बालासोर अस्पताल में पीड़ितों से भी मुलाकात की.

उधर रेलवे ने मृतकों के परिजनों के लिए 10-10 लाख रुपये, गंभीर रूप से घायलों के लिए दो-दो लाख रुपये और मामूली रूप से घायल लोगों के लिए 50-50 हजार रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है. वहीं पीएम मोदी ने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की अतिरिक्त अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है. अन्य राज्यों ने भी सहायता की घोषणा की है.

Tags: Ministry of civil aviation, Odisha Train Accident, Train accident

Source link

Up Head Line
Author: Up Head Line

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें