
मृत्युंजय सिंह/सीवान : सीवान में एक सनकी शख्स ने 3 लोगों पर रॉड से हमला कर दिया. जिससे गांव में थोड़ी देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया. इस हमले में सेमरा गांव आए कुरियर कंपनी की डिलीवरी बॉय की घटनास्थल पर ही मौत हो गई. वहीं गांव के हीं 2 अन्य लोग बीच-बचाव में घायल हो गए. आरोपी शख्स नशे में धुत या विक्षिप्त बताया जा रहा है.
फिलहाल सीवान पुलिस मेडिकल जांच कराकर यह पता करने में लगी है कि सनकी यवुक नशे में था या विक्षिप्त है. घटना सीवान जिला के मैरवा थाना क्षेत्र के सेमरा गांव की है. मृतक का नाम दिनकर प्रसाद चौबे है, जो दरौली के गड़वार का रहने वाला था और कुरियर कंपनी में काम करता था.
हत्यारोपी युवक सीवान जिला के सेमरा गांव का है रहने वाला
बताया जा रहा है कि दिनकर प्रसाद चौबे सामान की डिलीवरी देने हीं सेमरा गांव आया था. वहीं आरोपी शख्स सेमरा गांव का सतेंद्र राम है जो मजदूरी करता है. बताया जा रहा है कि कुरियर कंपनी का डिलीवरी बॉय बाइक से सामान की डिलीवरी करने उसी गांव की रास्ते से जा रहा था. इसी दौरान आरोपी शख्स ने उसके ऊपर अचानक रॉड से हमला कर दिया.
इसके बाद डिलीवरी ब्वॉय जमीन पर गिर पड़ा. उसके बाद भी आरोपी शख्स लगातार हमला करता रहा. इस हमले में डिलीवरी बॉय की घटनास्थल पर ही मौत हो गई. वहीं बीच-बचाव करने गए गांव के लोगों पर भी शख्स ने हमला कर दिया. जिससे गांव के 2 लोग मामूली रूप से जख्मी हो गए. घटना के बाद स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर हंगामा शुरू कर दिया.
आरोपी को खंभे में बांधकर लोगों ने पुलिस को दी सूचना
स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत करते हुए आरोपी शख्स को पकड़ कर खंबे में रस्सी से बांध दिया. जिसके बाद ग्रामीणों ने घटना की जानकारी डायल 112 को दी. सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची डायल 112 की टीम ने आरोपी शख्स को गिरफ्तार कर मैरवा थाने ले गई. फिलहाल पुलिस पीड़ित परिवार के बयान के आधार पर घटना की जांच में जुटी हुई है.
वहीं एसपी शैलेश कुमार सिन्हा ने बताया कि आरोपी शख्स को कुछ लोग बता रहे है कि मानसिक रूप से विक्षिप्त था तो कुछ लोग शराब के नशे में रहने की बात कह रहे हैं. फिलहाल आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसकी मेडिकल जांच के लिए अस्पताल भेजा गया है. रिपोर्ट आने के बाद पता चलेगा कि आरोपी नशे में था या विक्षिप्त है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है.
.
Tags: Bihar News in hindi, Crime News, Siwan news
FIRST PUBLISHED : June 03, 2023, 22:57 IST








