
सृजित अवस्थी/पीलीभीत. हाल ही में पीलीभीत के बिलसंडा इलाक़े में स्थित गौशाला में वैवाहिक कार्यक्रम की तस्वीर सामने आयी थी. ठीक उसके एक दिन बाद ग्राम प्रधान ने गौशाला में नर्तकियों द्वारा अश्लील डांस का आयोजन कराया. पूरे मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर तेज़ी से वायरल हो रहा है.
सूबे की सरकार एक और आवारा पशुओं को लेकर तमाम कवायद कर रही है. आवारा पशुओं को शेल्टर देने की नीयत से तमाम इलाकों में गोशालाओं की शुरुआत की जा रही है. वैसे तो गौशाला का प्रमुख उद्देश्य गोवंश पशुओं को आसरा देना व उनकी सेवा करना होता है. लेकिन उत्तर प्रदेश के पीलीभीत ज़िले में इसकी विपरीत तस्वीर देखने को मिली है.
नर्तकियों का अश्लील डांस हुआ वायरल
दरअसल, चंद दिनों पहले विधायक के हाथों पीलीभीत के बिलसंडा इलाक़े के मरौरी पड़री गांव में एक गौशाला का उद्घाटन हुआ. गौशाला में गौवंश तो एक भी नहीं लेकिन प्रधान ने गौशाला में अपने बेटे के वैवाहिक समारोह का आयोजन ज़रूर किया. यह समारोह पूरे ज़िले भर में चर्चा का विषय बना रहा. लेकिन जिम्मेदारों ने इस और कोई ध्यान नहीं दिया. ऐसे में ग्राम प्रधान के हौसले इतने बुलंद हो गए कि उसमें गौशाला में ही नर्तकियों को बुलाकर अश्लील डांस का आयोजन कराया. अब एक बार फिर से गौशाला का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
पुलिस ने दर्ज की एफआईआर
पूरे मामले पर अधिक जानकारी देते हुए बिलसंडा थाना प्रभारी अचल कुमार ने बताया कि तत्काल मौके पर टीम भेज कर जांच कराई गई थी. जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
.
FIRST PUBLISHED : June 03, 2023, 19:26 IST








