Odisha Rail Accident: पीएम मोदी ने ट्रेन हादसे वाली जगह पर पहुंचते ही इन 2 अधिकारियों को किया फोन, जानें क्या हुई बात

Share Now:

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

बालासोर. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को ओडिशा के बालासोर जिले के बाहानगा में रेल दुर्घटना स्थल का निरीक्षण किया और राहत तथा परिचालन बहाली कार्यों का जायजा लिया. प्रधानमंत्री के साथ रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान भी थे. प्रधानमंत्री को दोनों केंद्रीय मंत्रियों के साथ-साथ आपदा प्रबंधन टीम के अधिकारियों द्वारा स्थिति के बारे में जानकारी दी गई.

पीएम मोदी ने घटनास्थल पर कैबिनेट सचिव और स्वास्थ्य मंत्री से बात की. अधिकारियों ने कहा कि प्रधानमंत्री ने उनसे यह सुनिश्चित करने के लिए कहा कि घायलों और उनके परिवारों को हरसंभव मदद मुहैया कराई जाए. पीएम मोदी ने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि शोक संतप्त परिवारों को किसी तरह की असुविधा ना हो और प्रभावितों को आवश्यक सहायता मिलती रहे.

इन दो अधिकारियों से की बात
प्रधानमंत्री ने ओडिशा की राजस्व और आपदा प्रबंधन मंत्री प्रमिला मलिक के साथ-साथ स्थानीय पुलिस प्रमुख से भी बातचीत की. मोदी ने दुर्घटना के बाद इस मार्ग पर ट्रेन सेवाओं को बहाल करने के लिये किये जा रहे कार्यों की प्रगति के बारे में भी जानकारी ली.

पीएम मोदी ने बालासोर पहुंचकर रेल हादसे के बाद हालात का जायजा लिया.

बाहानगा बाजार में दुर्घटनास्थल पर पहुंचने से पहले प्रधानमंत्री ने ट्रेन हादसे पर नई दिल्ली में एक उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता की थी. प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने ट्वीट किया ‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ओडिशा में ट्रेन दुर्घटना के मद्देनजर स्थिति का जायजा लेने के लिए एक बैठक की अध्यक्षता की. समीक्षा बैठक में प्रभावित लोगों के बचाव, राहत और चिकित्सा से संबंधित पहलुओं पर चर्चा की गई.’

ये भी पढ़ें- ओडिशा में आखिर कैसे हो गया इतना बड़ा ट्रेन हादसा? शुरुआती जांच में सामने आई वजह

288 यात्रियों की मौत, 800 से ज्यादा घायल
बता दें कि बालासोर जिले में शुक्रवार शाम कोरोमंडल एक्सप्रेस और बेंगलुरु-हावड़ा एक्सप्रेस ट्रेन के पटरी से उतरने और एक मालगाड़ी से टकराने से जुड़े रेल हादसे में मृतक संख्या शनिवार को बढ़कर 288 हो गई. देश के सबसे भीषण रेल हादसों में शामिल इस दुर्घटना में 800 से अधिक यात्री घायल हुए हैं. इनमें से 56 यात्रियों को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि 747 लोग मामूली रूप से घायल हुए हैं.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस दुर्घटना पर दुख व्यक्त करते हुए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से मृतकों के परिजनों के लिए दो-दो लाख रुपये और घायलों के लिए 50-50 हजार रुपये की अतिरिक्त अनुग्रह राशि की घोषणा की. वहीं रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मृतकों के परिजनों के लिए 10-10 लाख रुपये, गंभीर रूप से घायलों के लिए दो-दो लाख रुपये और मामूली रूप से घायलों के लिए 50-50 हजार रुपये की अनुग्रह राशि की घोषणा की है. ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने राज्य में हुए भीषण ट्रेन हादसे के मद्देनजर शनिवार को एक दिवसीय राजकीय शोक घोषित किया है. (भाषा इनपुट के साथ)

Tags: Indian railway, Odisha news, PM Modi, Train accident

Source link

Up Head Line
Author: Up Head Line

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें