
विशाल कुमार/छपरा. इस भाग-दौड़ भरी जिंदगी में लोग अपने स्वास्थ्य का ख्याल नहीं रख पाते हैं. खासकर आंख की समस्या आम हो गई है. लोग इसे नजरअंदाज कर देते हैं, जिससे मुसीबत बढ़ जाती है. कुछ ऐसे लोग भी होते हैं जो पैसे के अभाव में अपना इलाज नहीं करा पाते हैं. आंख का इलाज कराने के लिए पैसे नहीं हैं तो परेशान होने की जरूरत नहीं है. आप छपरा स्थित रामकृष्ण मिशन आश्रम जाएं. यहां मात्र 20 रुपए की पर्ची कटाकर आंख से जुड़ी बीमारी के साथ-साथ मोतियाबिंद का भी ऑपरेशन करा सकते हैं. यहां इलाज कराने के लिए छपरा हीं बल्कि अन्य जिलों से भी लोग पहुंचते हैं.
रामकृष्ण मिशन आश्रम के सचिव स्वामी आतीदेव आनंद जी महाराज ने बताया कि यह आश्रम सभी के लिए खुला रहता है. उन्होंने बताया कि आंख का इलाज कराने के लिए मात्र 20 रुपए की पर्ची कटानी पड़ती है. उसके सारा इलाज फ्री में किया जाता है. इसके अलावा दवा और खाने-पीने की व्यवस्था भी आश्रम की ओर से नि:शुल्क किया जाता है. मरीज के साथ आए परिजन के लिए भी रहने की भी व्यवस्था आश्रम की ओर से की जाती है. इस आश्रम में छपरा के अलावा सीवान, गोपालगंज सहित यूपी के सीमवर्ती जिले के लोग भी आंख का इलाज कराने के लिए आते हैं.
रामकृष्ण मिशन आश्रम के सचिव स्वामी आतीदेव आनंद जी महाराज ने बताया कि इलाज के दौरान मोतियाबिंद की जटिल शिकायत पाए जाने पर रोगी को ऑपरेशन के लिए बाहर भी भेजा जाता है. लेकिन मरीज का एक रुपए भी खर्च नहीं होता है. मरीज के आवागमन का सारा खर्च आश्रम खुद उठाता है. जिस हॉस्पिटल में मरीज का ऑपरेशन होता है वहां भी मरीजों के लिए व्यवस्था नि:शुल्क रहती है.
.
FIRST PUBLISHED : June 03, 2023, 07:17 IST








