
लंदन: ब्रिटेन में जो पिछले 130 सालों में नहीं हुआ, वह अब होने जा रहा है. प्रिंस हैरी ब्रिटिश शाही परिवार के ऐसे पहले वरिष्ठ सदस्य होंगे जो अदालत में जाकर गवाही देंगे. प्रिंस हैरी ने एक अखबार समूह पर गैरकानूनी व्यवहार का आरोप लगाया है जिसकी सुनवाई के लिए वह अगले हफ्ते गवाही देंगे. किंग चार्ल्स के छोटे बेटे हैरी, लंदन के उच्च न्यायालय में इस मामले की सुनवाई के लिए 100 से ज्यादा अन्य हस्तियों के साथ गवाही देंगे. यह मामला डेली मिरर, संडे मिरर और संडे पीपुल के प्रकाशक मिरर ग्रुप न्यूजपेपर (एमजीएन) पर दर्ज किया गया है.
इससे पहले 1870 में एडवर्ड 7 (Edward VII) ने एक तलाक के मामले में गवाही दी थी और उसके 20 साल बाद कार्ड गेम पर बदनामी को लेकर चल रहे एक मुकदमे में गवाह बने थे. उन्होंने भी अपनी गवाही राजा बनने से पहले दी थी.
कई दिनों से सुर्खियों में बने हुए हैं हैरी
हैरी जो सिंहासन के हकदारों में पांचवें नंबर पर हैं, पिछले 6 महीनों से लगातार सुर्खियों में बने हुए हैं. कभी ब्रिटिश प्रेस के साथ अपने कानूनी विवादों को लेकर, कभी नेटफ्लिक्स पर अपनी डॉक्यूमेंट्री श्रंखला को लेकर, जिसमें उन्होंने अपने वरिष्ठ शाही सदस्यों पर टेबलॉइड अखबारों के साथ साठगांठ का आरोप लगाया था. अब उनकी अदालत में उपस्थिति ने दुनियाभर का ध्यान अपनी ओर खींचा है.
कब शुरू हुआ मुकदमा
यह मुकदमा पिछले महीने शुरू हुआ था जिसमें एमजीएन पत्रकारों या उनके द्वारा रखे गए निजी जांचकर्ताओं पर बड़े पैमाने पर फोन हैक करने का आरोप लगाया गया है, इस मामले में प्रिंस और अन्य दावेदारों के बारे में जानकारी हासिल करने के लिए पत्रकारों और निजी जांचकर्ताओं को अन्य गैरकानूनी हथकंडे अपनाने के लिए कहा गया. दावेदारों के वकील डेविड शेरबोर्न का कहना है कि यह काम वरिष्ठ संपादकों और अधिकारियों की जानकारी में किया गया. वहीं एमजीएन ने इन सारे आरोपों का खंडन किया है और कहा है कि अगर कुछ भी गलत हुआ है तो वह उनसे छिपा कर किया गया है.
हैरी के जीवनीकार और पत्रकार ने अदालत को बताया कि हैकिंग के बारे में जानने वालों में से एक पूर्व संपादक पियर्स मोर्गन थे, जो अब एक हाईप्रोफाइल ब्रॉडकास्टर हैं. मोर्गन प्रिंस और उनकी पत्नी मेघन के मुखर आलोचक रहे हैं. वहीं मोर्गन ने किसी भी तरह के गैरकानूनी व्यवहार में शामिल होने से इनकार किया है. बल्कि उल्टा उन्होंने प्रिंस पर अपने परिवार की निजता में उल्लघंन का आरोप लगाया है. मोर्गन ने मेघन के बारे में एक मुखर टिप्पणी करने के बाद बतौर प्रस्तुतकर्ता एक टीवी ब्रेकफास्ट शो से इस्तीफा दे दिया था. हैरी ने शाही परिवार को भी इस साजिश में मिले होने का लगाया इल्जाम
मुकदमे की शुरुआत में ही एमजीएन के वर्तमान मालिक रीच ने अदालती दस्तावेजों में माफी मांगी थी और यह स्वीकारा था कि एक अवसर पर संडे पीपुल ने हैरी के बारे में अवैध तरीके से जानकारी जुटाई थी, जिसके लिए वह मुआवजे के हकदार थे. इसके साथ ही एमजीएन ने उन पर लगाए अन्य आरोपों को खारिज करते हुए यह तर्क दिया था कि उन्हें कुछ जानकारियां शाही सहयोगियों से ही मिली थीं.
एमजीएन के दस्तावेजों से यह भी पता चलता है कि हैरी के बारे में एक कहानी तब सामने आई जब उनके पिता के पूर्व उप निजी सचिव और मोर्गन रोजाना साथ में बैठकर खाते पीते थे. हैरी का कहना है कि उनके परिवार और उनके सहयोगियों ने अपनी प्रतिष्ठा बचाने के लिए उनके बारे में नकारात्मक कहानियों को लीक किया था. इस बारे में महल से कोई बयान नहीं आया है.








