
गाजियाबाद. जिले में सड़कों पर अतिक्रमण फैला रास्ता अवरुद्ध करने वालों के खिलाफ प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है. दुकानों के बाहर सड़क पर अब सामान फैलाने वालों के खिलाफ पुलिस मामला दर्ज कराएगी. जिले में यातायात व्यवस्था में सुधारने के लिए पुलिस ने नगर निगम के साथ मिलकर अतिक्रमण हटाने का अभियान शुरू किया है. अभियान के पहले दिन चेकिंग पुलिस ने इस तरह के 10 मामले दर्ज किए हैं. ये मामले विजयनगर, नंदग्राम, सिहानी गेट, नगर कोतवाली और कविनगर थाने में दर्ज हुए हैं.
डीसीपी गाजियाबाद नगर निपुण अग्रवाल का कहना है कि अतिक्रमण हटवाने के लिए कई बार लोगों को चेतावनी दी जा चुकी है. इसके बावजूद लोग सड़कों पर सामान रखते हैं जिससे रास्ता जाम होता है. ऐसे में अब सड़क पर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है.
डीसीपी गाजियाबाद ने बताया कि पहले दिन मवई रोड, भाटिया मोड़, घूकना मोड़, ऑफिसर सिटी के सामने, नया बस अड्डा के पास, जस्सीपुरा तिराहा आदि इलाकों में अभियान चलाया गया. इन सभी के खिलाफ पुलिस ने अतिक्रमण करने और यातायात बाधित की धाराओं 341 व 283 के तहत मामला दर्ज कराए हैं.








