
कैलाश कुमार/बोकारो. बोकारो के सेक्टर 4 स्थित प्रसिद्ध जगन्नाथ मंदिर में ज्येष्ठ शुक्ल पक्ष की पूर्णिमा तिथि को भगवान को महास्नान कराया जाएगा. इस बार 4 जून को स्नान पूर्णिमा पड़ रहा है. इस दिन भगवान जगन्नाथ की विशेष पूजा-अर्चना की जाएगी और 108 बर्तन में रखे सुगंधित जल व पंचामृत से स्नान कराया जाएगा. इसके लिए मंदिर की उत्कल सेवा समिति इस आयोजन के लिए विशेष तैयारी कर रही है.
रविवार को सुबह 10 बजे मंदिर परिसर में भगवान को महास्नान कराया जाएगा. इस अतुल्य क्षण के दर्शन पाने के लिए बोकारो के अलावा पूरे झारखंड, बिहार, पश्चिम बंगाल व ओडिशा से श्रद्धालु पहुंचेंगे. मान्यता है कि इस दिन प्रभु जगन्नाथ स्नान के बाद बीमार पड़ जाएंगे, जिसके बाद उन्हें 15 दिनों के लिए शयनकक्ष में रखा जाएगा. इस दौरान मंदिर के पट बंद रहेंगे और भक्त दर्शन व पूजन नहीं कर सकेंगे. भगवान के स्वस्थ होने के लिए विशेष जड़ी-बूटी चढ़ाए जाते हैं.
15 दिन बाद 19 जून सोमवार को नेत्रोत्सव के बाद श्रद्धालु प्रभु जगन्नाथ के दर्शन कर पाएंगे. अगले दिन 20 जून मंगलवार को भगवान रथ पर सवार होकर बोकारो के सेक्टर-1 स्थित राम मंदिर मौसीबाड़ी जाएंगे और 28 जून को बहुरा यात्रा के दिन वापस मंदिर आएंगे.
जगन्नाथ मंदिर के पंडित मानस अचार्य ने न्यूज़18 लोकल को बताया कि वर्ष 2004 से बोकारो में भव्य रथयात्रा निकाली जा रही है. इस वर्ष भी प्रभु जगन्नाथ जी की रथयात्रा धूमधाम और भव्य तरीके से निकाली जाएगी. इसके लिए तैयारियां जोरों पर हैं. इससे पहले स्नान पूर्णिमा पर भगवान को 108 बर्तन में रखें सुगंधित जल व पंचामृत से स्नान कराने की तैयारी है.
.
FIRST PUBLISHED : June 02, 2023, 11:49 IST









