
सर्वेश श्रीवास्तव/अयोध्या. राम मंदिर के पक्ष में सुप्रीम कोर्ट का फैसला आने के बाद 5 अगस्त 2020 को देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राम मंदिर का भूमि पूजन किया. 3 साल बाद आज अयोध्या में करोड़ों राम भक्तों का सपना साकार होता दिख रहा है. क्योंकि उनके आराध्य का भव्य मंदिर अब आकार ले रहा है. बस कुछ ही महीने बाद मंदिर के प्रथम तल का निर्माण पूरा हो जाएगा और जनवरी 2024 के शुभ मुहूर्त में भगवान राम लला भव्य मंदिर में विराजमान हो जाएंगे.
एक तरफ भव्य मंदिर का निर्माण चल रहा है दूसरी तरफ भगवान राम के प्राण प्रतिष्ठा को लेकर श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने भी तैयारियां शुरू कर दी हैं. बीते दिनों श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के ट्रस्टियों की बैठक हुई, जिसमें कई अहम निर्णय किए गए. श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के पदाधिकारियों की बैठक में रामलला के प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव को लेकर भी चर्चा की गई. तय किया गया कि प्राण प्रतिष्ठा समारोह 7 दिनों तक किया जाएगा.
इसे भी पढ़ें : June Weekly Horoscope: इन राशियों के जातकों को प्रतियोगी परीक्षाओं में मिलेगी कामयाबी, बरसेगा धन
पीएम नरेंद्र मोदी को आमंत्रित किया जाएगा
तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष गोविंद देव गिरी के नेतृत्व में 7 ज्योतिष आचार्य भगवान रामलला के प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का शुभ मुहूर्त तय करेंगे. प्राण प्रतिष्ठा समारोह में प्रधानमंत्री मोदी भी आमंत्रित किए जाएंगे. इतना ही नहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को दिसंबर 2023 से लेकर 26 जनवरी 2024 के बीच के समय को प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के लिए आरक्षित किए जाने का निमंत्रण दिया जाएगा. हालांकि श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय की प्राण प्रतिष्ठा की कोई डेट निश्चित नहीं की गई है.
इसे भी पढ़ें : चंपारण के बगहा में मिड डे मील खाकर बीमार पड़े 157 स्कूली बच्चे, जाने कहां से आया था खाना
7 दिनी होगा प्राण प्रतिष्ठा उत्सव
श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने बताया कि भगवान राम लला की प्राण प्रतिष्ठा का पूजन 7 दिनों तक किया जाएगा. जिसमें 7 ज्योतिषाचार्य से ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष गोविंद देवगिरी की तरफ से शुभ मुहूर्त के लिए मंथन किया जा रहा है. प्रधानमंत्री को इस दरमियान दिसंबर 2023 से और 26 जनवरी 2024 के पहले रामलला के प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के लिए समय आरक्षित करने के लिए निवेदन पत्र भेजा जाएगा. जिसे श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की तरफ से ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास की तरफ से भेजा जाएगा. चयन होने के पश्चात निमंत्रण पत्र चयनित तिथि के लिए प्रधानमंत्री को भेजा जाएगा.









