
आकाश गौर/मुरैना: मध्यप्रदेश के छोटे से जिले मुरैना के एक किसान के बेटे ने वर्ल्ड बैंच प्रेस चैंपियनशिप में रजत पदक जीत कर मुरैना का ही नहीं बल्कि देश का नाम रोशन किया है. इस बेटे ने विदेशी खिलाड़ियों को चुनौती देकर रजत पदक हासिल किया. इस जुझारू युवा का इस प्रतियोगिता में चयन होने पर सीएम शिवराज सिंह ने ट्वीट कर उसे बधाई दी . मुरैना के इस लाल का मुकाबला दक्षिण अफ्रीका के जोहांसबर्ग में हुआ था. मुरैना के देवरी गांव के किसान ब्रजराज दंडौतिया के बेटे कुलदीप दंडोतिया ने अपनी ताकत और मजबूती के दम पर गांव और जिले ही नहीं, बल्कि प्रदेश और देश का भी नाम रोशन किया है. दक्षिण अफ्रीका के जोहांसबर्ग में मई महीने में हो रही वर्ल्ड बैंच प्रेस चैंपियनशिप में रजत पदक हासिल किया.
चयन होने पर सीएम शिवराज ने भी अपने ट्विटर हैंडल से कुलदीप को ट्वीट कर बधाई दी थी.जिसमें उन्होंने मुरैना के लाल के नाम से पुकारा था. इसके बाद जब रजत पदक जीता तो सीएम शिवराज ने दोबारा से कुलदीप को ट्विटर से बधाई दी है और साथ ही कहा कि यह विजय आपके परिश्रम का सुफल है. आप ऐसे ही सफलता के पथ पर बढ़ते हुए प्रदेश व देश को गौरवान्वित करते रहें और उज्जवल भविष्य के लिए शुभकामनाएं.
सीएम के ट्वीट ने मेरा हौसला बढ़ाया
कुलदीप ने बताया कि मेरे कोच उदय शर्मा अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी रहे हैं. वो मुझे जिम में लगातार 3 से 4 घंटे मेहनत कराते हैं. पिता ब्रजराज दंडोतिया भारतीय मजदूर संघ के विभाग प्रमुख है और मुरैना के गांव देवरी में रहकर खेती करते हैं.कुलदीप का कहना है कि सीएम के ट्वीट ने मेरा हौसला बढ़ाया था. मेरा पूरा प्रयास गोल्ड पदक का था, लेकिन थोड़ी सी चूक हो गई, इसके लिए मैं माफी चाहता हूं क्योंकि सबकी मुझसे गोल्ड की उम्मीद थी.
एक साल पहले हुआ था एक्सीडेंट
कुलदीप ने बताया कि पिछले साल एक सड़क दुर्घटना में पैर फ्रैक्चर हो गया था, जिसके कारण बड़ी परेशानी का सामना करना पड़ा. खेल भी रोकना पड़ा, लेकिन मेरे कोच ने मुझे मोटिवेट किया कि तुम कर सकते हो. उनकी बात मानकर मैंने फिर से प्रैक्टिस शुरू कर दी. वहीं कोच उदय शर्मा ने बताया कि खिलाड़ी के जीवन में कई तरह की समस्याएं सामने आती हैं, जिसमें आर्थिक समस्या बड़ी समस्या होती है, लेकिन कुलदीप के परिवार का सपोर्ट अच्छा रहा है जिसके कारण आज वह इस मुकाम तक पहुंच पाया है. अब तक मुरैना जिले से 8 अंतराष्ट्रीय खिलाड़ी निकल चुके हैं.
.
Tags: Madhya pradesh news, Morena news, Sports news
FIRST PUBLISHED : June 02, 2023, 09:50 IST









