
आशीष कुमार/पश्चिम चम्पारण. बिहार के सबसे बड़े जिले पश्चिम चम्पारण में आजकल मानव जितनी बड़ी मछलियों की फार्मिंग की जा रही है. हालांकि देश के कुछ राज्यों या फिर विदेशी में इससे बड़ी मछलियों की फार्मिंग की जाती है, लेकिन अगर बात की जाए चंपारण की तो यहां के लिए यह एक बेहद ही रोचक तथा अनोखी चीज है.
खास बात यह है कि साठी के रहने वाले आनंद सिंह के अलावा चम्पारण में शायद ही कोई ऐसा मत्स्य पालक है, जिसने 4 से साढ़े चार फीट लंबी मछलियों की फार्मिंग की है. वह इस खास मछली की फार्मिंग के लिए कोलकाता से बीज से लाते हैं.
4 से साढ़े चार फीट लंबी मछलियों की फार्मिंग
नरकटियागंज प्रखंड के साठी के एक छोटे से गांव सम्हौता निवासी आनंद सिंह चंपारण के ऐसे पहले एवं एकमात्र किसान हैं, जिन्होंने मखाना, 7 इंच लंबे झींगे एवं मानव के आकार जितनी बड़ी मछलियों की फार्मिंग की है. बकौल आनंद उनके पास मत्स्य पालन के लिए कुल 6 तालाब है. उक्त सभी तालाबों की माप तकरीबन 1 एकड़ है.
आनंद ने इन तालाबों में तकरीबन 11 प्रकार की मछलियों की फार्मिंग की है. इनमें प्रॉन सहित रेहू, कतला, मृगल, मांगुर, ग्रास कार्प, सिल्वर कार्प, कॉमन कार्प तथा 4 से साढ़े 4 फीट तक के आकार वाली मांसाहारी प्रवृति की मछली चितल शामिल है. आनंद ने बताया कि साधारणतः चितल का आकार छोटा होता है, लेकिन अगर आप उसे तालाब में 2 वर्षों के लिए छोड़ दें, तो उनका आकार 5 फीट तक हो सकता है. अबतक उन्होंने 4 से साढ़े चार फीट तक लंबी चितल मछली की फार्मिंग की है. जिसका वजन 20 किलो तथा कीमत 400 से 500 रुपए प्रति किलोग्राम है.
मत्स्य पालन कर कमाते हैं 16 से 17 लाख सालाना
आनंद ने बताया कि वह 4 से 5 महीनों में सभी मछलियों की हार्वेस्टिंग कर लेते हैं. इस दौरान सभी मछलियों का वजन तकरीबन 3 से 4 किलो के आसपास होता है. केवल मत्स्य पालन कर वे हर वर्ष 16 से 17 लाख रुपए की कमाई कर लेते हैं. जिसमें उनकी लागत तकरीबन 6 लाख रुपए होती है. बकौल आनंद वे शादी- विवाह के लिए मछलियों का ऑर्डर लेते हैं.
सभी तालाबों से हार्वेस्ट की गई मछलियां ऑर्डर को पूरा करने में ही खत्म हो जाती हैं. ऐसे में वे इसकी सप्लाई बाहर नहीं कर पाते हैं. यहां उन्होंने लगभग सभी मछलियों की कीमत 250 से 350 रुपए प्रति किलोग्राम के बीच रख दी है. कुछ मछलियों को वह महज 150 रुपए किलोग्राम के हिसाब से ही बेच देते हैं. गौर करने वाली बात यह है कि वह हरवर्ष तकरीबन 70 से 80 क्विंटल मछलियों का उत्पादन आसानी से कर लेते हैं.
.
FIRST PUBLISHED : June 01, 2023, 22:11 IST








