
सर्वेश श्रीवास्तव/अयोध्या. यूपी के अयोध्या में करोड़ों राम भक्तों का सपना साकार हो रहा है. भगवान राम का भव्य मंदिर आकार ले रहा है, तो श्रद्धालुओं की संख्या भी लगातार बढ़ रही है. श्रद्धालु भक्ति भाव में सराबोर होकर अपने आराध्य के निर्माणाधीन मंदिर में दर्शन कर रहे हैं. बस कुछ ही महीने में भगवान राम भव्य मंदिर में विराजमान होंगे. मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा की तैयारी को लेकर तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने अभी से ही तैयारी शुरू कर दी है.
भगवान राम जनवरी 2024 के किसी भी शुभ मुहूर्त में विराजमान होंगे. इसके बाद राम भक्त अपने आराध्य के दर्शन भव्यमंदिर में करेंगे. बता दें कि राम मंदिर में पहले चरण का काम दिसंबर में पूरा हो जाएगा. वहीं, जनवरी 2024 में भगवान राम विराजमान हो जाएंगे. उसके बाद सेकंड फ्लोर और थर्ड फ्लोर का काम चलता रहेगा. ऊपर मंदिर का निर्माण और नीचे श्रद्धालु दर्शन करेंगे. इसको लेकर श्री राम जन्म भूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने अभी से तैयारी शुरू कर दी.
मंदिर में श्रद्धालुओं के प्रवेश पर ट्रायल शुरू
श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने कहा कि जनवरी 2024 में जब कभी प्राण प्रतिष्ठा हो सकती है. इस दौरान फर्स्ट फ्लोर और सेकेंड फ्लोर का काम चलता रहेगा. जबकि नीचे भगवान राम के दर्शन होते रहेंगे. इसका ट्रायल किया जा रहा है. किधर श्रद्धालुओं को प्रवेश कराना, ताकि ऊपर काम भी चलता रहे और श्रद्धालु अपने आराध्य के नीचे दर्शन भी करते रहे. साथ ही कहा कि कौन सा पत्थर ऊपर क्रेन से रखने पर कोई असर नहीं पड़ेगा, इसका भी अध्ययन किया जा रहा है. मंदिर निर्माण के साथ-साथ श्रद्धालु अपने आराम से दर्शन पूजन करें. इसके लिए अभी से तैयारी शुरू कर दी गई है.
.
FIRST PUBLISHED : June 01, 2023, 17:29 IST








