
हाइलाइट्स
विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर केंद्र सरकार ने लिया फैसला
OTT प्लेटफॉर्म्स पर दिखाई देंगे एंटी टोबैको वॉर्निंग
ये मैसेज थिएटर और टीवी प्रोग्राम की ही तरह होंगे
नई दिल्ली. विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने सिगरेट और अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम, 2004 के तहत संशोधित नियमों को अधिसूचित कर तंबाकू की खपत को रोकने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है. नए नियम के तहत अब ओवर-द-टॉप (OTT) प्लेटफॉम्स पर भी एंटी-टोबैको वॉर्निंग दिखाना अनिवार्य होगा. जैसा कि अभी थिएटर और टीवी प्रोग्राम्स में दिखाया जाता है.
नए नोटिफिकेशन के मुताबिक ऐसे पब्लिशर्स को जिनके ऑनलाइन क्यूरेटेड कंटेंट में टोबैको प्रोडक्ट्स या उनके इस्तेमाल को दिखाया जाएगा. उन्हें अपने प्रोग्राम की शुरुआत और बीच में कम से कम 30 सेकेंड तक चलने वाली एंटी-टोबैको वॉनिंग देनी होगी. साथ ही प्रोग्राम के दौरान जब भी टोबैको प्रोडक्ट्स दिखाए जाएं तब-तब स्क्रीन में नीचे की तरफ एक स्टैटिक एंटी-टोबैको हेल्थ वॉर्निंग मैसेज भी दिखानी होगी.
ऑडियो-विजुअल डिस्क्लेमर दिखेगा
साथ ही नोटिफिकेशन के मुताबिक प्रोग्राम की शुरुआत और बीच में 20 सेकेंड तक चलने वाला ऑडियो-वीडियो डिस्क्लेमर भी दिखाना होगा. इसमें व्यूअर्स को तम्बाकू उपयोग के दुष्प्रभावों के बारे में को शिक्षित करना होगा.
नोटिफिकेशन के अनुसार सब-रूल (1) के क्लॉज (बी) के तहत दिए जा रहे एंटी-टोबैको हेल्थ वॉर्निंग साफ-साफ दिखाई देने और पढ़ने योग्य होने चाहिए. इसमें वाइट बैकग्राउंड में ब्लैक फॉन्ट में तंबाकू कैंसर का कारण बनता है या तंबाकू जानलेवा है लिखा होना चाहिए.
इन एंटी-टोबैको हेल्थ वॉर्निंग मैसेज को ऑनलाइन कंटेंट की भाषा में दिखाना अनिवार्य है. मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, व्यापक अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय और अन्य हितधारकों के साथ काफी विचार-विमर्श करने के बाद यह निर्णय लिया गया है.
.
Tags: Amazon Prime, Netflix, OTT Platform, Tech news
FIRST PUBLISHED : June 01, 2023, 13:21 IST








