
भोपाल. मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने 31 मई को सलकनपुर में देवीलोक का शिला-पूजन किया. यहां 211 करोड़ रुपये की लागत से विजयासन माता का भव्य देवीलोक बनाया जाएगा. इस मौके पर उन्होंने कहा कि विकास के कार्यों के साथ जन-जन को जोड़ने वाली धर्म और संस्कृति को बढ़ावा देना भी सरकार का उत्तरदायित्व है. सलकनपुर में हुए इस भूमि-पूजन में देश भर के मठ, मंदिर, शक्तिपीठ, अखाड़ों के साधु, संत, महंत और पुजारी मौजूद थे. उनके अलावा प्रभारी मंत्री डॉ. प्रभुराम चौधरी, कृषि मंत्री कमल पटेल सहित विधायक, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की पत्नी साधना सिंह, बेटे कार्तिकेय सिंह चौहान भी कार्यक्रम में शामिल हुए.
इस दौरान सीएम चौहान ने मां विजयासन की पूजा-अर्चना भी की. उन्होंने कहा कि यह माता का आशीर्वाद ही है कि बहन-बेटियों को गलत नजर से देखने और उनके साथ गलत करने वालों को सरकार ने फांसी देने का कानून बनाया है. राज्य सरकार माता का भव्य देवीलोक उनके ही आशीर्वाद से बनवा रही है. मां का ही आशीर्वाद है जो उनकी सरकार ने बहनों के सम्मान और छोटी-छोटी जरूरतों के लिए मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना बनाई. उन्होंने नारियों के सम्मान को सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए कहा कि नारी सशक्तिकरण और सम्मान के लिए लाड़ली लक्ष्मी और मुख्यमंत्री कन्या विवाह सहित अनेक योजनाएं संचालित की हैं.
देश के सभी शक्तिपीठों से लाए जल और मिट्टी
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि मां के मंदिर परिसर में 166 करोड़ रुपये से मंदिर संरचनाओं के साथ ही 64 योगिनी, नवदुर्गा के नौ स्वरूप की प्रतिकृति के साथ ही देवी महात्म, दुर्गा सप्तशती और विभिन्न शक्तिपीठ की आकृतियां निर्माण और श्लोक उकेरे जाएंगे. मुख्यमंत्री ने देश के सभी शक्तिपीठ से आए जल और पवित्र मिट्टी का भी शिलाओं के साथ पूजन किया. यह सभी सामग्री देवीलोक के निर्माण में लगाई जाएगी. उन्होंने बताया कि मंदिर के नीचे श्रद्धालुओं की सुविधाओं के लिए 45 करोड़ रुपये की लागत से निर्माण कार्य किए जाएंगे.
आपके शहर से (भोपाल)
सीएम शिवराज ने लिया साधु-संतों का आशीर्वाद
मुख्यमंत्री ने मां और साधु-संतो से प्रदेश की सुख-समृद्धि का आशीर्वाद लिया. कार्यक्रम को विदिशा सांसद रमाकांत भार्गव ने भी संबोधित किया. इसके पहले मुख्यमंत्री चौहान ने सलकनपुर में देवीलोक प्रदर्शनी और निर्माणाधीन महादेवी लोक के मॉडल का अवलोकन किया. उन्होंने मंच स्थल पर बनाई गई माता विजयासन मंदिर की प्रतिकृति के दर्शन किए. इस दौरान गाजे-बाजे के साथ निकाली गई माता की रथ यात्रा में भी मुख्यमंत्री शामिल हुए. मुख्यमंत्री ने सुसज्जित वाहन में सवार होकर लगभग एक लाख श्रद्धालुओं का स्वागत किया और कार्यक्रम को ऐतिहासिक रूप देने के लिए उनका आभार माना. महोत्सव में हरियाणा से आए मशहूर भजन गायक कन्हैया मित्तल के भजनों ने समां बांधा.
.
Tags: Bhopal news, Mp news
FIRST PUBLISHED : June 01, 2023, 07:25 IST









