
रिपोर्ट- रूपेश प्रधान
चाइबासा. पश्चिमी सिंहभूम जिला के कोल्हान जंगल में सुरक्षा बलों को लगातार तीसरे दिन भी आज भाकपा माओवादियों के खिलाफ सफलता मिली है. पुलिस और सुरक्षा बलों ने सर्च ऑपरेशन के दौरान नक्सलियों द्वारा प्लांट किये गये सात आइईडी बमों को बरामद कर नक्सलियों के मंसूबों पर पानी फेरा है. टोन्टो थाना क्षेत्र के पटातारोब से तुम्बाहाका जाने वाले रास्ते के आस-पास जंगली पहाड़ी क्षेत्र में बुधवार को सात आइईडी बम बरामद हुए. बम निरोधक दस्ता द्वारा सभी आइईडी बमों को यथा स्थान नष्ट कर दिया गया.
इसके साथ ही इस क्षेत्र में सुरक्षा बलों को नुकसान पहुंचाने के लिये जंगल के रास्ते में गड्ढा खोदकर लोहे का रड और तीर लगाया हुआ 3 स्पाईक हॉल भी मिला है. इसके अलावा गोईलकेरा थाना क्षेत्र के मारादिरी से छोटा कुईड़ क्षेत्र में भी रास्ते से भी एक स्पाईक हॉल मिला. बुधवार को बरामद हुए आईईडी बमों में 8 किलो के 3 आईईडी बम, 4 किलो के तीन आईईडी बम और 5 किलो के एक आईईडी बम था. कोल्हान जंगल क्षेत्र में भाकपा माओवादी नक्सली संगठन के शीर्ष नेता मिसिर बेसरा, अनमोल, मोछु, चमन, काडे, अजय महतो, सागेन अंगरिया, अश्विन अपने दस्ता सदस्यों के साथ मौजूद होने की सूचना पर चाईबासा जिला पुलिस, कोबरा बटालियन, झारखण्ड जगुआर और सीआरपीएफ की अलग-अलग बटालियन की टीमों का संयुक्त सर्च ऑपरेशन जनवरी महीना से जारी है.
पिछले दिनों नक्सलियों द्वारा प्लांट किये गये आईईडी बमों के चपेट में लगातार ग्रामीणों के आने के बाद अब सुरक्षा बलों द्वारा नक्सलियों द्वारा प्लांट किये गये आइईडी बमों की खोजबीन और तेज कर दी गयी है, जिसमें तीन दिनों से लगातार सफलता मिल रही है.
.
Tags: Anti naxal operation, Crime News, Gumla news, Jharkhand news
FIRST PUBLISHED : May 31, 2023, 23:29 IST








