
अंजलि सिंह राजपूत/लखनऊ. अभी तक आपने मुंबई की मरीन ड्राइव तो कई बार घूमी होगी. उसके बारे में सुना भी होगा और बॉलीवुड की ज्यादातर फिल्मों में मुंबई की मरीन ड्राइव को आपने देखा भी होगा लेकिन क्या आप जानते हैं. लखनऊ में भी मरीन ड्राइव है. लेकिन इसके किनारे कोई बहुत बड़ा समुद्र नहीं बल्कि गोमती नदी बहती है. दूसरी ओर अंबेडकर पार्क है. यही नहीं आपको सुनकर हैरानी होगी कि मरीन ड्राइव में घूमना एकदम नि:शुल्क है.
दरअसल, लखनऊ में मरीन ड्राइव का मतलब है दो से तीन किलोमीटर की लंबी सी एक सड़क जहां बैठने के लिए बेंच लगी हुई हैं. शाम को मरीन ड्राइव रोशनी से जगमग हो उठती है. खुले आसमान के नीचे बैठकर युवा अपने दोस्तों के साथ गप्पे लड़ाते हैं. पार्टी करते हैं, जन्मदिन भी यहीं पर मनाया जाता है. परिवार आते हैं, पिकनिक मनाते हैं.
मरीन ड्राइव से दाएं हाथ पर जहां गोमती रिवरफ्रंट और गोमती नदी का दीदार होता है तो वहीं बाएं हाथ पर पूरे अंबेडकर पार्क को आप यहां से देख सकते हैं. गाजीपुर से लखनऊ घूमने के लिए आए हुए पर्यटकों ने कहा कि उन्हें मुंबई जाना काफी दूर लग रहा था और काफी महंगा भी था इसलिए लखनऊ का मरीन ड्राइव घूमने आ गए.
कभी यहां होती थी रेस
एक वक्त था जब यहां पर शाम होते ही युवाओं का जमावड़ा लगता था. युवा अपनी बाइक और कार लेकर रेस लगाते थे. कई बार रेस की वजह से यहां पर जाम भी लग जाता था. पुलिस की सख्ती होने के बाद अब यहां रेस और स्टंटबाजी तो नहीं होती है लेकिन सुबह के वक्त आज भी यहां पर आपको लोग रेस लगाते हुए नजर आ जाएंगे. जो लोग कार सीखना चाहते हैं वो भी यहीं पर आकर सुबह कार चलाने की ट्रेनिंग लेते हैं.
ऐसे पहुंचे यहां
अगर आप लखनऊ का मरीन ड्राइव घूमना चाहते हैं तो आपको गोमती नगर में 1090 चौराहे से अंबेडकर पार्क की ओर बढ़ना होगा. अंबेडकर पार्क से पहले ही आपको मरीन ड्राइव नजर आ जायेगा.
.
FIRST PUBLISHED : May 31, 2023, 20:11 IST








