
नई दिल्ली. मई के महीने का अंत हो चला है. आमतौर पर इस वक्त उत्तर भारत भयंकर हीट-वेव यानी गर्मी व लू की चपेट में रहता है. इसके उलट दिल्ली समेत पूरे उत्तर भारत में इन दिनों बारिश हो रही हैं. मौसम विभाग ने उत्तराखंड में बारिश को लेकर ऑरेंज एलर्ट तक जारी कर दिया है. वहीं, बिहारी और पश्चिम बंगाल में गर्मी अपने चरम पर है. अगले तीन-चार दिन वहां यही हालात बने रहने की संभावना है.
मौसम विभाग की तरफ से जारी किए गए बयान में कहा गया, “उत्तर-पश्चिमी भारत में एक जून तक बारिश का मौसम बना रहेगा. कुछ जगहों पर आंधी तूफान तो कुछ स्थानों पर बारिश आने की संभावना है. 60 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से हवाएं चलती रहेंगी.”
मौसम विभाग का कहना है कि हिमाचल प्रदेश के कुछ इलाकों में मूसलाधार बारिश हो सकती है. कुछ ऐसी ही स्थिति अगले दो दिन तक उत्तराखंड़ में भी बने रहने की संभावना है. बताया गया कि हिमाचल, उत्तराखंड और कश्मीर के कुछ हिस्सों में 70 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से हवाओं के साथ-साथ तेज बारिश हो सकती है.
केवल उत्तर-भारत ही नहीं बल्कि दक्षिण भारत में भी बारिश का मौसम बना हुआ है. मौसम विभाग का कहना है कि तमिलनाडु के कुछ इलाकों में तेज बारिश हो सकती है. इसी तरह कर्नाटक के कुछ क्षेत्रों में 31 मई और एक जून को बारिश होगी. केरल को लेकर बताया जा रहा है कि एक से पांच जून तक वहां बारिश का मौसम बना रहेगा.
अगले दो दिन तक उत्तर-पश्चिमी भारत में मौसम सुहाना बना रहेगा. यहां अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी की कोई संभावना नहीं है. उधर, बिहार और पश्चिम बंगाल को लेकर मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिन इन राज्यों में तापमान दो डिग्री तक बढ़ सकता है. मौसम विभाग का कहना है, “31 मई तक बिहार में और दो जून तक पश्चिम-बंगाल में ऐसे ही गर्मी का मौसम बना रहेगा.”
.
Tags: India Met Department, Weather forecast, Weather Update
FIRST PUBLISHED : May 31, 2023, 16:57 IST








