
जुगल कलाल/ डूंगरपुर. श्री हरिदेव जोशी सामान्य चिकित्सालय व मेडिकल कॉलेज डूंगरपुर के शिशु रोग विभाग को मुस्कान प्रोग्राम के तहत क्वालिटी सर्टिफिकेट प्राप्त हुआ है. राजस्थान में मुस्कान प्रोग्राम के तहत क्वालिटी सर्टिफिकेट प्राप्त करने वाला यह राज्य का प्रथम अस्पताल है. अब केंद्र सरकार की तरफ से डूंगरपुर के श्री हरिदेव जोशी सामान्य चिकित्सालय को तीन साल तक 12-12 लाख की राशि की दी जाएगी.
इन मापदंडों खरा उतरा हॉस्पिटल
24 और 25 मार्च 2023 को केंद्र के दो सदस्यीय चिकित्सकीय दल ने श्री हरदेव जोशी हॉस्पिटल के शिशु रोग विभाग का गहन निरीक्षण किया गया था. जिसमें निरीक्षण दल द्वारा कुल 92% स्कोर दिया गया. निरीक्षण दल ने पेडियाट्रिक ओपीडी, पीडियाट्रिक वार्ड एनआरसी व एसएनसीयू में मरीज को मिलने वाली सुविधाएं, स्टाफ व डॉक्टरों की टीम की ट्रेनिंग व मरीज को मिलने वाले इलाज की गुणवत्ता के साथ मरीजों द्वारा इलाज से संतुष्टि जैसे मापदंडों को पैमाने पर परखा और अस्पताल द्वारा इलाज के लिए होने वाले रेफर की संख्या में कमी को भी देखा साथ ही मरीजों के रिकार्ड संधारण जैसे सभी मापदंडों को गहनता से जांचा गया.
66 मापदंडों को पूरा करने वाला पहला अस्पताल
डूंगरपुर मेडिकल कॉलेज के अधीक्षक डॉ महेंद्र डामोर ने बताया कि सभी वार्डों व आईसीयू में कुल मिलाकर 66 मापदंडों को एक-एक कर चेक किया गया. जिसमें से विभाग द्वारा मरीजों की सहायता के लिए, मरीज के इलाज के लिए पूर्ण आर्थिक जिम्मेदारी, विभाग में फायर सेफ्टी व अन्य डिजास्टर से निपटने की तैयारी, सभी आईसीयू वार्डों में 24 घंटे बिजली और पानी का बैकअप, नर्सिंग स्टाफ द्वारा मरीजों की देखभाल व इलाज के लिए होने वाले प्रोसीजर, पूर्ण विकसित आईसीयू व आईसीयू में होने वाले प्रोसीजर और विभाग द्वारा दी जाने वाली नैदानिक देखभाल व सुरक्षा सूचकांक में राष्ट्रीय स्तर के मापदंड की प्राप्ति के लिए 100 में से पूर्ण 100 अंक प्रदान किए गए. विभाग की ओपीडी को 100 में से 87%, वार्ड को 96%, एसएनसीयू को 95% व एनआरसी को 92% परसेंट अंक दिए गए.
.
FIRST PUBLISHED : May 31, 2023, 16:01 IST








