
गया. बड़ी खबर बिहार के गया जिला से है, जहां भाजपा नेता सह पूर्व मुखिया संतोष कुमार गुप्ता के घर पर अज्ञात अपराधियों ने चार बम फेंक कर हमला किया है. हालांकि पूरा परिवार इस हमले में बाल-बाल बच गया, वहीं पुलिस ने दो जिंदा बम भी बरामद किया है. घटना गया जिले के डोभी थाना क्षेत्र के करमाइन के पास की है. घटना उस वक्त घटी जब पूरा परिवार रात के 2 बजे गहरी नींद में सोया हुआ था, तभी एक-एक कर के घर पर 4 बम फेंके गए.
इस दौरान तेज आवाज के साथ बम ब्लास्ट हो गया. इस घटना के बाद पूरा परिवार सहम उठा. हमले से खिड़की के शीशे टूटे गए और कांच जहां-तहां बिखरे पड़े मिले. इस घटना के बाद पीड़ित ने इसकी सूचना डोभी थाना की पुलिस और एसडीपीओ को दी जिसके बाद देर रात पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच में जुट गई है. पुलिस ने दो जिंदा बम भी बरामद कर उसे डिफ्यूज कर दिया है. सीसीटीवी फुटेज में दो अपराधी बाइक से आते दिखते हैं.
हालांकि वह कुछ ही देर में सीसीटीवी कैमरे की नजर से दूर चला गये और झोले में रखे चार बमों को घर पर फेंक दिया, इसके बाद वो फरार हो गये. फिलहाल पुलिस अपराधियों की पहचान में जुट गई है और जल्द ही गिरफ्तारी का दावा कर रही है.








