
हाइलाइट्स
आईपीएल में बल्ले से उगलते रहे हैं आग
लेकिन हर बार किस्मत दे जाती है दगा
नई दिल्ली. दुनिया के नामचीन क्रिकेटरों के लिए इंडियन प्रीमियर लीग खासी बेरहम रही है. सबसे बड़ी टी20 लीग ने इन धुरंधरों की ख्वाहिशों को कभी पूरा नहीं होने दिया. शुरुआत विराट कोहली से करते हैं. टीम इंडिया और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की बैटिंग की धुरी किंग कोहली ने आईपीएल 2016 में 973 रन कूटे थे. लीग के एक सीजन में किसी खिलाड़ी के बल्ले से निकले सबसे ज्यादा रनों का यह रिकॉर्ड आज भी कायम है. एक सीजन में 973 क्या, 900 रन भी कोई दूसरा बल्लेबाज अब तक नहीं बना सका है.
हालांकि, साल 2008 में आईपीएल की शुरुआत से ही यह ट्रॉफी विराट कोहली से रूठी हुई है. भले ही वह अपने बल्ले से कितना भी कोहराम मचा चुके हों, लेकिन कोहली का यह खिताब अब तक नसीब नहीं हुआ है. ऐसा ही हाल मिस्टर 360 डिग्री यानी एबी डिविलियर्स का रहा है. विरोधी टीम के गेंदबाजों को ठिकाने लगाने के लिए मशहूर एबी भी कभी आईपीएल विनिंग टीम का हिस्सा नहीं हो सके क्योंकि वह हमेशा अपने करीबी दोस्त विराट कोहली की ही टीम में रहे. इन दोनों के अलावा लिस्ट में एक और नाम शामिल है, यूनविर्स बॉस का. अकेले दम पर पूरा मैच पलट देने वाला यह खिलाड़ी कभी भी अपनी टीम को आईपीएल में विजेता नहीं बना सका.
क्रिस गेल की मौजूदगी में वेस्टइंडीज 2 बार टी20 वर्ल्ड कप चैंपियन बनी. वह भी ऐसे वक्त में जब माना जा रहा था कि वेस्टइंडीज का क्रिकेट खत्म हो रहा है. आईपीएल में क्रिस गेल ने फ्रेंचाइजी बदल-बदलकर अपनी किस्मत आजमाई, लेकिन वह जिस भी टीम के पाले में गए वह खिताब अपने नाम नहीं कर सकी. लीग में रनों का अंबार लगाने वाले क्रिस गेल के नाम आज भी कई रिकॉर्ड दर्ज हैं, जिन तक कोई दूसरा बल्लेबाज पहुंच नहीं सका है.
आईपीएल 2023 की बात करें तो इस सीजन के टॉप स्कोरर शुभमन गिल रहे. गुजरात टाइटंस के ओपनर ने 17 मैचों में करीब 158 की स्ट्राइक रेट से 890 रन बनाकर ऑरेंज कैप जीती. दूसरे नंबर पर रहे रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के कप्तान फाफ डुप्लेसी ने 730 रन बनाए. चेन्नई सुपर किंग्स को 5वीं बार चैंपियन बनाने में अहम योगदान देने वाले डेवोन कॉन्वे टॉप स्कोरर की लिस्ट में तीसरे नंबर पर हैं. उन्होंने 16 मैचों 139.70 की स्ट्राइक रेट से 672 रन बनाए.
.
Tags: AB De Villiers, Chris gayle, IPL, Virat Kohli
FIRST PUBLISHED : May 31, 2023, 12:15 IST








