
नई दिल्ली. पाकिस्तान (Pakistan) कंगाल हो चुका है. उसके पास नकदी की इतनी ज्यादा कमी है कि वह अपनी एयरलाइंस तक चला नहीं पा रहा है. ऐसे समय में उसके इस्लामिक दोस्त मलेशिया ने उसे बड़ा झटका दिया है. पाकिस्तान को लीज पर दिए अपने प्लेन का पैसा न मिलने पर मलेशिया ने उस प्लेन पर कब्जा कर लिया है. खबरों के मुताबिक पाकिस्तान इंटरनेशनल एयरलाइंस के बोइंग 777 प्लेन को मलेशिया की राजधानी कुआला लुम्पुर एयरपोर्ट पर रोक लिया है.
पाकिस्तान मीडिया में आई खबरों के मुताबिक यह प्लेन लीज पर लिया गया था, लेकिन 40 लाख डॉलर के बकाया होने के कारण इस पर कब्जा कर लिया है. मलेशिया की एक कंपनी ने इसको लेकर स्थानीय कोर्ट में अर्जी लगाई थी और कोर्ट के आदेश से इस प्लेन को जब्त कर लिया है. खबरों में बताया गया है कि यह दूसरी घटना है जब प्लेन को जब्त किया गया है.
2021 में हुआ था प्लेन जब्त, राजनयिक आश्वासन के बाद छोड़ा गया था
पाकिस्तान इंटरनेशनल एयरलाइंस के इसी प्लेन को 2021 में भी जब्त कर लिया गया था, लेकिन बाद में राजनयिक वादा मिलने पर इसे छोड़ दिया गया था. उस समय इसमें 173 यात्री और क्रू मेंबर्स थे. उस समय भी पाकिस्तान लंबे समय से भुगतान नहीं कर रहा था. अब पाकिस्तान की माली हालत और भी ज्यादा खराब हो चुकी है. देश में महंगाई रिकॉर्ड तोड़ स्तर पर है और घरेलू वस्तुओं के दाम भी आसमान छू रहे हैं. ऐसे में जब्त प्लेन को छुड़ाने के लिए पाकिस्तान क्या कदम उठाएगा; यह देखने वाली बात होगी.
.
Tags: Aeroplane, Pakistan, Pakistan’s Economy, पाकिस्तान
FIRST PUBLISHED : May 30, 2023, 23:01 IST









