
नई दिल्ली. भारत में पहलवानों द्वारा किए जा रहे विरोध प्रदर्शन को लेकर अब सर्वोच्य कुश्ती फेडरेशन ने नजर डेढी की है. युनाइटेड वर्ल्ड रेसलिंग (यूडब्ल्यूडब्ल्यू) ने मंगलवार को भारत के टॉप पहलवानों को जंतर मंतर पर प्रदर्शन के दौरान हिरासत में लिए जाने की निंदा की है. इसको लेकर चेतावनी दी कि अगर निर्धारित समय के भीतर चुनाव नहीं होते हैं तो भारतीय कुश्ती महासंघ को निलंबित कर दिया जायेगा.
यूडब्ल्यूडब्ल्यू ने कहा कि भारतीय कुश्ती महासंघ के निवर्तमान अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ पहलवानों के प्रदर्शन पर उसकी नजर है. इसने एक बयान में कहा,‘‘ कई महीनों से हम भारत में हालात को लेकर चिंतित हैं जहां पहलवान भारतीय कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष के खिलाफ उत्पीड़न और शोषण के आरोपों को देकर प्रदर्शन कर रहे हैं.’’
इसमें कहा गया, ‘‘हमने देखा है कि डब्ल्यूएफआई अध्यक्ष को शुरूआत मे ही अलग कर दिया गया और वह अब कुश्ती का कामकाज नहीं देख रहे हैं.’’
यूडब्ल्यूडब्ल्यू ने कहा,‘‘ पिछले कुछ दिनों का घटनाक्रम और चिंताजनक है क्योंकि पहलवालों को पुलिस ने प्रदर्शन के कारण अस्थायी तौर पर हिरासत में लिया. उनके प्रदर्शन स्थल को भी खाली करा लिया गया. हम पहलवानों को हिरासत में लिए जाने की निंदा करते हैं. इसके अलावा अभी तक जांच के नतीजे नहीं आने पर भी निराशा व्यक्त करते हैं. हम संबंधित अधिकारियों से मामले की निष्पक्ष और संपूर्ण जांच कराने का अनुरोध करते हैं.’’
इसमें कहा गया, ‘‘हम पहलवानों से उनकी स्थिति और सुरक्षा को लेकर बात करेंगे और उनकी शिकायतों के निष्पक्ष और न्यायसंगत समाधान के पक्षधर हैं.’’
यूडब्ल्यूडब्ल्यू ने कहा, ‘‘अंत में हम आईओए और तदर्थ समिति से अगली आमसभा की बैठक के बारे में जानकारी चाहते हैं. चुनाव के लिए दी गई 45 दिन की समय सीमा का सम्मान किया जाए. इसके भीतर चुनाव नहीं होने पर डब्ल्यूएफआई को निलंबित किया जा सकता है जिससे खिलाड़ी तटस्थ ध्वज तले खेलेंगे.’’
.
Tags: Bajrang punia, Sakshi Malik, Vinesh phogat
FIRST PUBLISHED : May 30, 2023, 23:13 IST








