
अनंत कुमार/गुमला. झारखंड बोर्ड ने इंटर का रिजल्ट जारी कर दिया है. कॉमर्स में संत इग्नासियुस इंटर कॉलेज, गुमला की छात्रा स्नेहा सोनी ने 91.60% अंक लाकर जिले में टॉप किया है. स्नेहा को अंग्रेजी में 89, अकाउंटेंसी में 89, बिजनेस स्टडीज में 97, बिजनेस मैथमेटिक्स में 93 और इकोनॉमिक्स में 90 अंक प्राप्त हुए हैं. स्नेहा की सफलता से घर-परिवार में हर्ष का माहौल है.
स्नेहा सोनी का परिवार मूल रूप से हजारीबाग के रहने वाले हैं. वर्तमान में जवाहर नगर बीएसपी रोड गुमला में पूरा परिवार किराए के मकान में रहता है. स्नेहा की प्राइमरी शिक्षा संध्या रानी ऑक्सफोर्ड पब्लिक स्कूल गुमला से हुई है. जबकि हाई स्कूल सरस्वती शिशु विद्या मंदिर गुमला से हुई. मैट्रिक में उन्हें 91.6 फीसदी अंक प्राप्त हुए थे. वहीं इंटर कॉमर्स में 91.6 फीसदी अंक लाकर जिला टॉपर बनी है . बेटी की सफलता से घर में खुशी का माहौल है एवं फोन कर बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है.
नियमित अध्ययन बना सफलता का राज
स्नेहा सोनी ने बताया कि वे प्रति दिन 2 से 3 घंटे ही पढ़ाई करती थी. लेकिन किसी भी दिन नागा नहीं होने देती थी. फिर चाहे कोई पर्व हो या परिवार में फंक्शन. परीक्षा के समय थोड़ा ज्यादा पढ़ती थी. तैयारी के दौरान बुक, स्कूल के नोट्स, सैंपल पेपर से पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित किया . स्नेहा के पिता सुनील सोनी सोनार हैं और मां सीमा सोनी गृहिणी हैं.
सीए बनना चाहती है स्नेहा
स्नेहा ने कहा कि मुझे अपने माता-पिता व शिक्षकों से पढ़ाई करने की प्रेरणा मिली. अपनी सफलता का श्रेय उन्हें ही दूंगी. खास कर जफर सर ने काफी गाइड किया. मैं कंपनी सेक्रेटरी की पढ़ाई कर बैंकिंग के क्षेत्र में काम करना चाहती हूं. इसके लिए अभी से तैयारी कर रही हूं.
.
FIRST PUBLISHED : May 30, 2023, 21:21 IST








