
मो. इकराम/धनबाद. झारखंड बोर्ड ने इंटर का रिजल्ट जारी कर दिया है. कला संकाय में धनबाद के कतरास की कशिश परवीन ने 93.8 प्रतिशत अंक लाकर पूरे प्रदेश में टॉप किया है. उसने डीएवी प्लस 2 हाई स्कूल कतरास से इंटरमीडिएट की है. कशिश कतरास के पचगढ़ी में अपने नाना मो. कबरूद्दिन के पास रहकर पढ़ाई कर रही है. वह मूल रूप से कोलकाता की रहने वाली है. लेकिन बचपन से नाना के पास ही रही है. नाना मो. कबरुद्दिन सब्जी बेचते हैं.
कशिश के पिता मो. मुमताज का कोलकाता में कपड़ा की दुकान है. वहीं, माता अफरीदा खातून गृहिणी है. रिजल्ट आने के बाद कशिश के घर व ननिहाल में हर्ष का माहौल है. मोहल्ले के लोग बधाई देने पहुंच रहे हैं. झारखंड बोर्ड ने इंटर का रिजल्ट जारी कर दिया है. कशिश को इंग्लिश में 95, हिंदी में 90, इतिहास में 96, राजनीति शास्त्र में 91 व भूगोल में 97 अंक मिले हैं. कशिश की 10वीं तक की पढ़ाई पचगढ़ी बाजार स्थित ज्ञान शिशु मंदिर से हुई है.
नियमित रूप से पढ़ाई करना है सफलता का मूल मंत्र
कशिश ने न्यूज18 लोकल को बताया कि वह इस रिजल्ट से काफी खुश है. उसे अंजादा था कि अच्छे नंबर आएंगे लेकिन स्टेट टॉपर होने के बारे में नहीं सोचा था. वह रोजाना 8 से 10 घंटे सेल्फ स्टडी करती थी. उसने कहा कि नियमित रूप से पढ़ाई करना सफलता का मूल मंत्र है. चाहे कितनी भी देर पढ़े, लेकिन रोजाना पढ़ना जरूरी है. इससे पढ़ी हुई चीजों का रिविजन होता है.
घर में नहीं है पढ़ाई का माहौल
कशिश ने बताया कि घर में कोई भी ज्यादा पढ़े लिखे नहीं है. इसलिए वह काफी पढ़ना चाहती है. इसी का नतीजा है कि इंटरमीडिएट की परीक्षा में इतना अच्छा प्रदर्शन कर पाई. कशिश का सपना यूपीएससी क्रैक कर आईएएस ऑफिसर बनना है. वह आईएएस ऑफिसर बनकर लोगों की मदद करना चाहती है.
.
Tags: Dhanbad news, Jharkhand news
FIRST PUBLISHED : May 30, 2023, 20:59 IST








