Podcast: 5वीं बार IPL जीत चेन्‍नई ने की मुंबई से हुई बराबरी, अब टेस्ट चैंपियनशिप में IND-AUS होंगे आमने-सामने

Share Now:

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


नमस्कार, न्यूज़18 हिन्दी पाॅडकास्ट के वीकली स्पोर्ट्स बुलेटिन में आपका स्वागत है. आपके साथ मैं हूं नवीन श्रीवास्तव. विश्व की सबसे बड़ी क्रिकेट लीग आईपीएल 2023 का खि़ताब चेन्नई सुपर किंग्स ने पांचवीं बार जीत लिया है. इसी के साथ, चेन्नई की टीम ने मुंबई इंडियंस के सर्वाधिक 5 बार आईपीएल खिताब जीतने के रिकॉर्ड की बराबरी भी कर ली है.

इसके पहले, महेन्द्र सिंह धोनी के नेतृत्व में चेन्न्ई सुपर किंग्स ने 2010, 2011, 2018 और 2021 में खिताब जीते थे. बारिश की बूंदों से भीगे और रोमांच से सराबोर खिताबी मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स ने डिफेंडिंग चैंपियन गुजरात टाइटंस को पांच विकेट से हराकर आईपीएल 2023 की चमचमाती ट्राॅफी पर क़ब्ज़ा किया.

नरेन्द्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए कांटे के खिताबी मुकाबले को देखकर ऐसा लग रहा था कि मैदान में दिलों की धड़कने बढ़ा देने वाला एक फाइनल मैच तो चल ही रहा है, साथ ही, कहीं न कहीं जैसे एक और द्वंद्व सा छिड़ गया हो, बारिश और क्रिकेट दीवानों के बीच. इन दीवानों में क्रिकेट के प्रति एक जुनून एक ज़िद सी देखी जा रही थी कि आप कब तक बरसेंगे, हम तो आज यहां से फाइनल देखकर ही जाएंगे.

आखि़रकार रिज़र्व डे के दिन खेले गए बारिश से बाधित आईपीएल के फाइनल मैच में इंद्रदेवता ने अंतिम लम्हों में कृपादृष्टि बनाए रखी और मैच का फैसला डकवर्थ लुईस नियम के तहत ही सही, लेकिन हो ही गया. आईपीएल का फाइनल 28 मई को होना था, लेकिन बारिश के कारण यह मुकाबला रिजर्व-डे को यानी 29 मई को खेला गया. इस मैच में भी बारिश ने खलल डाला.

आईपीएल के 16वें संस्करण के खिताबी मुकाबले में चेन्नई को जीत के लिए 215 रन बनाने का लक्ष्य मिला था लेकिन बारिश के कारण डकवर्थ लुईस नियम के तहत चेन्नई को 15 ओवरों में जीत के लिए 171 रनों का संशोधित लक्ष्य मिला. जवाब में चेन्नई की शुरुआत भी अच्छी रही और ऋतुराज गायकवाड़ और कॉनवे ने पहले विकेट के लिए तेज़ी से 74 रन जोड़े.

अंतिम तीन ओवर में चेन्नई को जीत के लिए 38 रन बनाने थे. 13वें ओवर में गुजरात के लिए तुरूप का इक्का साबित हो रहे मोहित शर्मा गेंदबाज़ी के लिए आए. पहली तीन गेंद पर अपना आखिरी मैच खेल रहे अंबाती रायुडू ने दो छक्के और एक चौका लगाकर मैच का रूख हद तक चेन्नई की ओर मोड़ दिया लेकिन वे चौथी गेंद पर आउट हो गए.

अगली ही गेंद पर धोनी भी बिना खाता खोले पैवेलियन लौट गए. मोहम्मद शमी ने टीम के लिए 14 वां ओवर किया. इस ओवर में आठ रन बने. इस तरह मैच अंतिम ओवर में काफी रोमांचक स्थिति में पहुंच गया. चेन्नई सुपर किंग्स को जीत के लिए 13 रन चाहिए थे. अंतिम ओवर में मोहित शर्मा ने ज़बर्दस्त याॅर्कर गेंदों का इस्तेमाल किया जिससे पहली चार गेंदों पर सिर्फ तीन रन ही बन सके.

अब मात्र दो गेंदों पर चेन्नई को 10 रन चाहिए थे. स्ट्राइक रवींद्र जडेजा के पास थी. जडेजा ने बैगर दबाव में आए पांचवीं गेंद पर लाजवाब छक्का जड़ दिया. अब अंतिम गेंद, जीत के लिए चार रन. दिलों की धड़कने बढ़ गईं, रोमांच अपने चरम पहंुच गया. ऐसे में रवींद्र जडेजा की तारीफ करनी पड़ेगी कि अपने को बिलकुल कूल रखते हुए थोड़ी सी लेगस्टम पर पिच हुई गेंद को फाइनलेग पर चैका लगाकर चेन्नई को एक ऐतिहासिक व यादगार जीत दिला दी.

जडेजा ने 6 गेंदों में नाबाद 15 रन बनाए. चेन्नई के लिए डेवोन कॉन्वे ने 25 गेंदों पर सबसे अधिक 47 रन बनाए. शिवम दुबे 21 गेंदों में 2 छक्के की सहायता से 32 रन बनाकर नाबाद रहे. अजिंक्य रहाणे का भी जीत दिलाने में अहम योगदान रहा. रहाणे ने 13 गेंदों में दो चौके और दो छक्के की मदद से तेज़ी से 27 रन बनाए. ऋतुराज गायकवाड़ ने 16 गेंदों में 26 रन बनाए.

अंबाती रायुडू ने मात्र 8 गेंदों में 19 रन की तूफानी पारी खेली. उन्होंने एक चौका और दो छक्के लगाए. गुजरात की ओर से 3 विकेट लेकर मोहित शर्मा सबसे कामयाब गेंदबाज़ रहे. नूर अहमद ने 2 विकेट लिए.

इसके पहले टॉस हारकर बल्लेबाजी करते हुए गुजरात के दोनों सलामी बल्लेबाज़ ऋद्धिमान साहा और शुभमन गिल ने टीम को शानदार शुरूआत दी. दोनों ने पहले विकेट के लिए 67 रन जोड़े. शुभमन को सातवें ओवर में रवींद्र जडेजा की गेंद पर महेंद्र सिंह धोनी ने स्टंप किया. गिल ने 20 गेंदों में 39 रन बनाए. ऋद्धिमान साहा ने 39 गेंदों में पांच चौके और एक छक्के की मदद से 54 रनों की आतिशी अर्धशतकीय पारी खेली.

गिल और साहा ने तो बढ़िया बल्लेबाज़ी ही लेकिन चेन्नई के गेंदबाज़ों के लिए गुजरात टाइटंस के युवा बल्लेबाज साई सुदर्शन काफी खतरनाक साबित हुए. साई सुदर्शन ने मात्र 47 गेंद में 96 रनों की तूफानी पारी खेली जिसकी वजह से ही गुजरात की टीम आईपीएल फाइनल का सबसे बड़ा स्कोर, 4 विकेट पर 214 बनाने में सफल हो सकी.

सुदर्शन और कप्तान हार्दिक ने तीसरे विकेट के लिए 110 रनों की शतकीय साझेदारी की. हार्दिक 21 रन बनाकर नाबाद रहे. चेन्नई की ओर से पथिराना ने सबसे अधिक दो विकेट लिए. दीपक चाहर और रवींद्र जडेजा को एक-एक विकेट मिला.
आईपीएल में पहली बार ऐसा हुआ है जब लगातार दूसरी बार एक ही टीम के खिलाड़ियों ने पर्पल और ऑरेंज कैप अपने नाम की है. पिछले साल राजस्थान रॉयल्स के लिए जोस बटलर के नाम ऑरेंज कैप रही थी तो वहीं युजवेंद्र चहल को पर्पल कैप मिली थी.

ऑरेंज कैप शुभमन गिल के नाम
आईपीएल 2023 में गुजरात टाइटंस के सलामी बल्लेबाज़ शुभमन गिल ने सबसे अधिक रन बनाकर ऑरेंज कैप अपने नाम की. गिल ने 17 मैचों में 890 रन बनाए.

पर्पल कैप पर मोहम्मद शमी का क़ब्ज़ा
गुजरात टाइटंस के तेज़ गेंदबाज़ मोहम्मद शमी ने पर्पल कैप पर क़ब्ज़ा किया. शमी ने 17 मैचों में सबसे अधिक 28 विकेट चटकाए. गुजरात टाइटंस के मोहित शर्मा और राशिद खान ने 27-27 विकेट लिए.

आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का पांच दिवसीय फाइनल मैच भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच 7 जून से लंदन में खेला जाएगा. इसके लिए दोनों टीमों की घोषणा कर दी गई है. टीम इंडिया में यशस्वी जायसवाल को बतौर सुरक्षित खिलाड़ी शामिल किया गया है. यशस्वी जायसवाल का इस आईपीएल में शानदार प्रदर्शन रहा.

राजस्थान रॉयल्स के लिए उन्होंने 14 मैचों में 625 रन बनाए. टीम इंडिया ने केएस भरत और इशान किशन को विकेटकीपर बल्लेबाज़ के तौर पर टीम में शामिल किया है. वहीं अनुभवी अजिंक्य रहाणे को भी मौका दिया है. टीम ने तेज गेंदबाज़ों में मोहम्मद शमी, उमेश यादव, मोहम्मद सिराज, शार्दुल ठाकुर और जयदेव उनादकट को मौका दिया है.
यशस्वी जयसवाल के अलावा टीम में बतौर सुरक्षित खिलाड़ियों में मुकेश कुमार और सूर्यकुमार यादव शामिल हैं.

और अंत में ….भारत के एचएस प्रणॉय मलेशिया मास्टर्स सुपर 500 बैडमिंटन का खिताब जीतने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं. एचएस प्रणॉय ने यह स्वर्णिम उपलब्धि रविवार को तब हासिल की जब उन्होंने 94 मिनट तक चले संघर्षपूर्ण व रोमांचक खिताबी मुकाबले में चीन के वॉन्ग हॉन्ग को 21-19, 13-21 और 21-18 से हराया.

ये उनका पहला वर्ल्ड टूर टाइटल है. प्रणॉय पिछले साल ऐतिहासिक थॉमस कप जीतने वाली भारतीय टीम में शामिल थे. 2017 के बाद से वो व्यक्तिगत खिताब नहीं जीत पाए थे. करीब 6 साल बाद उनका सूखा समाप्त हुआ है. 2017 में प्रणॉय ने अमेरिकी ओपन ग्रां प्री गोल्ड जीता था. न्यूज़ 18 हिन्दी पाॅडकास्ट के साप्ताहिक स्पेशल स्पोर्ट्स बुलेटिन में आज इतना ही. ताज़ातरीन खेल खबरों के साथ हम फिर हाज़िर होंगे. तब के लिए नवीन श्रीवास्तव को इजाज़त दीजिए. नमस्कार.

Tags: Cricket news, IPL News, IPL Podcast, News18 Podcast, Sports news

Source link

Up Head Line
Author: Up Head Line

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें