
Groom Ruckus For Gold Chain and Ring: शादी-ब्याह में ज्यादातर ऐसा ही होता है कि अगर दूल्हा अपने साथ दुल्हन को विदा करके ले गया, तो शादी को सुख पूर्वक संपन्न मान लिया जाता है. हालांकि आज के ज़माने में कुछ कहा ही नहीं जा सकता है. उत्तर प्रदेश से ऐसा गजब का मामला सामने आया है कि सुनकर आप अपना माथा पकड़ लेंगे. यहां दूल्हा अपनी दुल्हन को बीच रास्ते से ही लौटाकर उसके मायके ले आया.
सुनने में बेहद अजीब घटना को जानकर लोग हैरान हैं. बताया जा रहा है कि दूल्हा इस बात से नाराज़ था कि उसे शादी में सोने की अंगूठी और चेन नहीं दी गई है. ऐसे में दुल्हन को अपने घर ले जाने के बजाय उसने बीच रास्ते से ही उसे लौटाया और लेकर अपने ससुराल पहुंच गया. इससे पहले एक ऐसी दुल्हन की कहानी सामने आई थी जो शादी से 10 मिनट पहले भाग गई और अब ये दूल्हा, जो दुल्हन को शादी करने के बाद भी लौटा लाया.
चेन और अंगूठी के चक्कर में इतना बवाल
मामला आज़मगढ़ के आलमपुर गांव का बताया जा रहा है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक बारात आने के बाद कार्यक्रम ठीक तरीके से चलता गया. पूरे विधि-विधान और धूमधाम के साथ विवाह भी संपन्न हो गया. सब कुछ ठीक था, लेकिन दूल्हा सोने की अंगूठी और चेन नहीं मिलने की वजह से नाराज़ था और गाड़ी में ही बैठा रहा. घरवालों ने दुल्हन को तैयार कराके ससुराल के लिए विदा कर दिया. गुस्साए दूल्हे ने आधे रास्ते में ससुराल वालों को फोन करके अंगूठी-चेन न मिलने पर नाराज़गी जताई और वापस लौटने की धमकी देने लगा.
खत्म हो गया रिश्ता
दूल्हे ने सिर्फ धमकी ही नहीं, बल्कि वो रास्ते से दुल्हन को लेकर वापस आ गया. ससुराल वालों से उसका झगड़ा होने के बाद दुल्हन ने खुद ही जाने से इनकार कर दिया. इतना बवाल होने के बाद लड़की वालों ने लड़का पक्ष से शादी में हुए खर्च की डिमांड की और मामला पुलिस तक पहुंच गया. हालांकि बाद में पंचायत की एंट्री के बाद समझौता हुआ और रिश्ता खत्म कर दिया गया. लेन-देन के सामान समेत लड़के वालों ने करीब 2 लाख रुपये भी दुल्हन पक्ष को लौटा दिए.
.
Tags: Ajab Gajab, Viral news, Weird news
FIRST PUBLISHED : May 30, 2023, 13:25 IST








