
शाश्वत सिंह/झांसी. जल संरक्षण का संदेश लेकर योगी सरकार के भूगर्भ जल विभाग की अटल जल शक्ति यात्रा का सोमवार को झांसी में स्वागत किया गया. पद्मश्री उमा शंकर पांडेय के नेतृत्व में यह यात्रा 24 मई को बांदा से शुरू हुई और चित्रकूट, हमीरपुर, महोबा, ललितपुर होते हुए झांसी पहुंची है. झांसी के मुख्य विकास अधिकारी जुनैद अहमद की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में अटल जल शक्ति यात्रा का स्वागत किया गया. जल संकट वाले क्षेत्रों में स्थानीय सामाजिक संगठनों और सरकारी विभागों में समन्वय स्थापित कर जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को जल संरक्षण के प्रति जागरूक करने के मकसद यह यात्रा आयोजित की गयी है.
अटल जल शक्ति यात्रा में कुल 30 सदस्य हैं, जो विभिन्न क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर रहे हैं. झांसी में यात्रा के तहत विकास भवन से एक प्रभात फेरी निकाली गई, जो जीवन शाह से होते हुए वापस विकास भवन पहुंची. विकास भवन में एक जागरूकता संगोष्ठी का आयोजन हुआ, जिसमें नेहरू युवा केंद्र, परमार्थ समाजसेवी संस्था सहित विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया. झांसी के पुनावली कला ग्राम में श्रमदान कार्यक्रम का आयोजन किया गया.
जल संरक्षण को लेकर दी गई जानकारी
पद्मश्री उमा शंकर पांडेय ने बताया कि जनपद बांदा से यात्रा का शुभारंभ किया गया जो चित्रकूट, महोबा, हमीरपुर, ललितपुर के बाद झांसी पहुंची है. इस दौरान जल संरक्षण और जल संवर्धन के विषय पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को पानी बचाने और उसके कम इस्तेमाल के उपायों की जानकारी दी गई. इस मौके पर रिटायर्ड आईएएस प्रमोद कुमार अग्रवाल ने कहा कि प्राधिकरण इस बात को सुनिश्चित करे कि भवन स्वामी द्वारा रेन हार्वेस्टिंग का निर्माण होगा तभी स्वीकृति प्रदान की जाए.
किसानों को जागरूक किया जा रहा
अनुपम श्रीवास्तव नोडल अधिकारी अटल जल शक्ति यात्रा ने बताया कि बुंदेलखंड के छह जिलों और पश्चिम उत्तर प्रदेश के चार जिलों में इस यात्रा का आयोजन किया जाना है. जल की खपत कम करने के लिए किसानों को जागरूक करते हुए स्प्रिंकलर का इस्तेमाल करने को प्रेरित किया जा रहा है. यात्रा में उपनिदेशक सांख्यिकी एसएन त्रिपाठी, सहायक अभियंता भूगर्भ जल विभाग शशांक शेखर मौजूद रहे.
.
Tags: Jhansi news, UP news, Water conservation
FIRST PUBLISHED : May 30, 2023, 11:30 IST








